मिशन 2024 पर निकले के चंद्रशेखर राव? अखिलेश यादव और अरविंद केजरीवाल से की मुलाकात
नई दिल्ली, मई 21। 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव को लेकर विपक्ष की तैयारियां अभी से चल रही हैं। विपक्ष की ओर से चेहरे के रूप में कई बड़े नाम अभी तक खुद को पेश कर चुके हैं। इनमें ममता बनर्जी का नाम सबसे अधिक सुर्खियों में है, लेकिन तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव भी अब इसी दौड़ में शामिल होते नजर आ रहे हैं, क्योंकि के चंद्रशेखर 10 दिन के अलग-अलग राज्यों के दौरे पर हैं, जहां वो उन राज्यों के मुख्यमंत्रियों से मिलने वाले हैं। शनिवार को उन्होंने यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव से मुलाकात की।

अखिलेश और केजरीवाल से मिले चंद्रशेखर राव
जानकारी के मुताबिक, अखिलेश के साथ के चंद्रशेखर राव ने देश से जुड़े तमाम अलग-अलग मुद्दों पर चर्चा की। बताया जा रहा है कि राव और अखिलेश के बीच महंगाई और बेरोजगारी जैसे गंभीर मुद्दों पर भी चर्चा हुई है। अखिलेश यादव से मिलने के बाद के चंद्रशेकर राव ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से भी मुलाकात की। केजरीवाल से मुलाकात के दौरान मोहल्ला क्लीनिक और दिल्ली के शिक्षा मॉडल पर चर्चा हुई। बताया जा रहा है कि केसीआर मोती बाग के एक स्कूल में भी पहुंचे। बता दें कि केसीआर और केजरीवाल के बीच अच्छे व्यक्तिगत संबंध हैं।
केसीआर से मिलने के बाद केजरीवाल ने मीडिया से बात की और बताया कि तेलंगाना के मुख्यमंत्री ने दिल्ली के एक स्कूल का दौरा किया है, जहां उन्होंने स्कूल की सुविधाओं को देखा। हम उनका और उनकी टीम का तहे दिल से स्वागत करते हैं। उन्होंने स्कूल के हर विवरण को देखा और पूछा, शिक्षा में उनकी गहरी रुचि देखकर अच्छा लगा।
शहीद जवानों और मृतक किसानों के परिवार से भी मिलेंगे केसीआर
आपको बता दें कि के चंद्रशेखर राव अपने 10 दिवसीय दौरे पर कई राज्यों के सीएम, नेताओं, मीडिया और आर्थिक विशेषज्ञों से मुलाकात करेंगे। साथ ही देश सेवा में अपने प्राणों की आहूति देने वाले शहीदों के परिजनों से भी मिलेंगे। साथ ही किसान आंदोलन में मारे गए 600 किसानों के परिवारों से भी मिलेंगे। केसीआर इसके अलावा अन्य नेताओं से भी मुलाकात करेंगे, जो समान विचारधारा वाले दल हैं।
केसीआर ने कांग्रेस को किया अलग-थलग
आपको बता दें कि टीआरएस के मुखिया केसीआर बीजेपी के खिलाफ देशभर में प्रचार कर रहे हैं। वो हर राज्य में जाकर वहां बीजेपी पर विभाजनकारी राजनीति करने का आरोप लगा रहे हैं। केसीआर बीजेपी के खिलाफ सभी विपक्षी राज्यों के मुख्यमंत्रियों को साथ लाने की कोशिश कर रहे हैं। इस कोशिश में उन्होंने कांग्रेस पार्टी को अलग-थलग कर दिया है।












Click it and Unblock the Notifications