Telanagana Election: बीजेपी के घोषणापत्र में क्या होगा? ये वादे हो सकते हैं शामिल
Telanagana Assembly Election 2023 News: तेलंगाना चुनाव के लिए अपना घोषणापत्र जारी करने से पहले ही बीजेपी तीन बड़े वादे कर चुकी है। केंद्रीय गृहमंत्री शनिवार को राज्य के लिए पार्टी का घोषणापत्र जारी करने वाले हैं, जिसमें किसान, महिला और युवाओं पर फोकस रहने की उम्मीद है। माना जा रहा है कि इस घोषणापत्र में कांग्रेस की गारंटियों और बीआरएस के वादों का तोड़ शामिल रहने वाला है।
टीओआई ने बीजेपी सूत्रों के हवाले कहा है कि भाजपा के घोषणापत्र में हर किसान को प्रति क्विंटल धान पर 1,000 रुपए बोनस देने का वादा भी किया जा सका है। यह धान के न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) के अतिरिक्त दिया जाएगा।

'मोदी गारंटी' के नाम से भाजपा का घोषणापत्र
'मोदी गारंटी' के नाम वाले भाजपा घोषणापत्र को पार्टी की प्रदेश यूनिट पहले ही फाइनल कर चुकी है, जिसपर शीर्ष नेतृत्व की मुहर लगनी है। 25 पेज वाले भाजपा के इस दस्तावेज में गरीब परिवारों को लक्ष्य करते हुए मुफ्त स्वास्थ्य सेवाएं और मुफ्त शिक्षा जैसे वादे भी शामिल रहेंगे।
आयुष्मान भारत योजना की रकम 10 लाख करने की योजना
सबसे खास बात ये है कि पार्टी आयुष्मान भारत के तहत दी जाने वाली मौजूदा स्वास्थ्य बीमा की राशि को भी 5 लाख से बढ़ाकर 10 लाख रुपए करने का वादा करने वाली है। इसके अलावा सरकारी शिक्षण संस्थानों में भी सुविधाओं के विस्तार को लेकर ऐलान किया जाना है।
महिलाओं के लिए बड़ी स्कीम पर नजर
छत्तीसगढ़ में पार्टी ने योग्य विवाहित महिलाओं को सालाना 20,000 रुपए देने का वादा किया है। लेकिन, तेलंगाना में सभी बेटियो के नाम पर आवर्ती जमा (recurring deposit)की शुरुआत करने की योजना है। जब, बेटियां 18 साल की हो जाएंगी तो माता-पिता पहले 1 लाख रुपए निकाल सकते है और फिर 2 लाख रुपए अलग से निकाल सकते हैं।
धार्मिक आरक्षण खत्म करने का कर सकती है वादा
इसके अलावा बीजेपी के घोषणापत्र में धार्मिक आरक्षण को खत्म करने का वादा शामिल किए जाने की भी संभावना है। इस तरह से अनुसूचित जनजाति(ST)के आरक्षण को लेकर भी बड़ा संकेत मिल रहा है। तेलंगाना में बीजेपी घोषणापत्र की जानकारी रखने वाले एक नेता के मुताबिक, 'संयुक्त आंध्र प्रदेश में, अनुसूचित जनजाति की आबादी करीब 6% थी, जो 2014 में विभाजन के बाद तेलंगाना में बहुत बढ़ गई। रिजर्वेशन को 50% की सीमा के अंदर सुधार करने की जरूरत है।'
हैदराबाद का नाम करेगी भाग्यनगर?
इसके अलावा बीजेपी अपने घोषणापत्र में तेलंगाना के कुछ शहरों और कस्बों का नाम बदलने का भी वादा शामिल कर सकती है। सवाल है कि क्या बीजेपी हैदराबाद को भाग्यनगर करने का वादा करेगी? गौरतलब है कि इससे पहले पार्टी ने शीर्ष स्तर पर तेलंगाना में सरकार बनाने पर पिछड़े वर्ग (BC) के नेता को ही मुख्यमंत्री बनाने का वादा कर रखा है।
इसके अलावा 11 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अनुसूचित जाति (SC) के आरक्षण के अंदर भी कोटा निर्धारित करने का भरोसा दिया है, जिसकी मांग राज्य की सबसे बड़ी दलित आबादी वाली जाति मडिगा तीन दशकों से भी ज्यादा से कर रही है। वहीं पिछले महीने केंद्र की मोदी सरकार राष्ट्रीय हल्दी बोर्ड के गठन की भी घोषणा कर चुकी है, जो कि तेलंगाना के किसानों की बहुत पुरानी मांग रही है।












Click it and Unblock the Notifications