प्रज्ञा ठाकुर पर कार्रवाई की मांग को लेकर तहसीन पूनावाला का प्रदर्शन, हिरासत में लिए गए
नई दिल्ली। राजनीतिक विश्लेषक और टीवी शो बिग बॉस में दिख चुके तहसीन पूनावाला ने भाजपा सांसद प्रज्ञा ठाकुर के गोडसे देशभक्त है, के बयान का विरोध करते हुए गुरुवार सुबह दिल्ली में प्रदर्शन किया। पूनावाला ने संसद भवन के बाहर प्रज्ञा पर कार्रवाई की मांग को लेकर पोस्टर लहराए, जिसके बाद पुलिस उन्हें हिरासत में लेकर थाने ले गई।

पुलिस की कार्रवाई पर उठाए सवाल
भोपाल से भाजपा सांसद साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर के बयान का विरोध करने के लिए पूनावाला गुरुवार को संसद भवन के बाहर विजय चौक पर पहुंचे। यहां उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से प्रज्ञा ठाकुर पर कार्रवाई की मांग की। उन्होंने पोस्टर लहराए, जिनपर प्रज्ञा के बयान को देश के लिए शर्मिंदा करने वाला बताया। जिसके बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए पूनावाला ने ट्वीट किया कि उन्होंने धारा 144 का उल्लंघन नहीं किया है, ऐसे में उन्हें बताया जाए कि क्यों उनको पुलिस ने हिरासत में लिया।

क्या कहा प्रज्ञा ने
बुधवार को लोकसभा में भोपाल लोकसभा सीट से भाजपा की सांसद प्रज्ञा ठाकुर महात्मा गांधी के हत्यारे नाथूराम गोडसे को देशभक्त कहा था। विपक्षी दलों की आपत्ति के बाद स्पीकर ने इसे लोकसभा के रिकॉर्ड से हटाने का आदेश दिया था। भाजपा ने प्रज्ञा को रक्षा मंत्रालय की कमेटी से हटा दिया है। इसके अलावा उनके भाजपा संसदीय दल की बैठक में आने पर भी रोक लगा दी गई है। हालांकि संसद के भीतर और बाहर इसको लेकर विरोध जारी है।

बम ब्लास्ट के मामले में जमानत पर हैं प्रज्ञा
प्रज्ञा ठाकुर के बयान के बाद लगातार विपक्षी पार्टियां नरेंद्र मोदी और अमित शाह से उन्हें पार्टी से निकालने की मांग कर रही हैं। इससे पहले भी प्रज्ञा नाथूराम को एक देशभक्त कह चुकी हैं। बता दें कि प्रज्ञा सिंह ठाकुर 2008 में मालेगांव में हुम बम धमाकों से जुड़े केस में अभियुक्त हैं। वो मामले में काफी समय तक जेल में रह चुकी हैं और फिलहाल स्वास्थ्य कारणों से जमानत पर बाहर हैं।












Click it and Unblock the Notifications