ट्रेन में बिना टिकट पकड़े जाने पर बोला यात्री- खाते में 72000 आएंगे तो चुका दूंगा जुर्माना
भोपाल। रतलाम रेलवे मंडल ने बिना टिकट यात्रा करने वालों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया है और इस दौरान तीन दिनों में 577 यात्री बिना टिकट के यात्रा करते हुए पकड़े गए हैं। रेलवे ने अब तक इनसे 2 लाख रुपए से अधिक का अर्थ दंड वसूला है। इस दौरान पकड़े जाने वाले यात्री तरह-तरह के बहाने बना रहे हैं। इसी तरह अवध एक्सप्रेस में ऐसा मामला सामने आया जब बिना टिकट यात्रा करते पकड़े जाने पर युवक ने अजीबोगरीब बहाना बनाया। युवक ने कहा कि उसके खाते में 72 हजार रु आने वाले हैं, जिसके बाद जुर्माना भर देगा।

कई यात्री बिना टिकट यात्रा करते पकड़े गए
टीटीई अवध एक्सप्रेस के जनरल कोच में चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान कई यात्री बिना टिकट यात्रा करते पकड़े गए। उनसे में एक ने कहा कि 'सर, अबकी छोड़ दीजिए, इन छोटे-छोटे बच्चों को देखिए, इनकी शादी करनी है। जुर्माना देंगे तो बचत किस तरह से होगी। बोला है न कि 72 हजार रुपए खाते में आएंगे। जैसे ही 72 हजार रुपए आए, आपके पास खुद चलकर आएंगे और जुर्माना भर देंगे।' बता दें कि कांग्रेस ने वादा किया है कि अगर पार्टी आगामी लोकसभा चुनाव जीतती है तो न्यूनतम आय गारंटी योजना के तहत देश के 5 करोड़ गरीब परिवारों को 72,000 रुपए हर महीने दिए जाएंगे।
ये भी पढ़ें: लोकसभा चुनाव 2019 की विस्तृत कवरेज

यात्रियों ने बनाए अजीबोगरीब बहाने
वहीं, यात्रियों के तरह-तरह के बहाने बनाने पर रतलाम रेल मंडल के रेल प्रबंधक ने कहा कि इस तरह की बहानेबाजी नहीं चलने वाली है। अगर टिकट गलत हो या फिर बिना टिकट यात्रा कर रहे हों तो जुर्माना भरना होगा। उन्होंने यात्रियों से अपील करते हुए कहा कि टिकट लेकर सम्मान के साथ यात्रा करें और बिना टिकट यात्रा कर जुर्माना भरने से बचें।

बिना टिकट यात्रियों के खिलाफ रेलवे ने चलाया अभियान
बता दे किं भारतीय रेलवे ने बिना टिकट यात्रियों के खिलाफ 9 मई से अभियान शुरू किया है। ये अभियान 23 मई तक चलेगा। इस अभियान में वरिष्ठ अधिकारी तक शामिल हो रहे है। इस अभियान की गंभीरता को इससे समझा जा सकता है कि खुद मंडल रेल प्रबंधक आरएन सुनकर इसकी प्रतिदिन शाम को दिनभर की कार्रवाई की समीक्षा कर रहे हैं। रेलवे के अधिकारी बिना टिकट यात्रा करने वालों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाए हुए हैं।












Click it and Unblock the Notifications