तमिलनाडु: इस सरकारी अस्पताल में कागज पर प्रिंट होते हैं एक्सरे, अधिकारियों ने दिया पैसों की कमी का हवाला
चेन्नई, अक्टूबर 06। तमिलनाडु के तूतूकुड़ी जिले के कोविलपट्टी इलाके के लोगों का दावा है कि यहां के जिला सरकारी अस्पताल में पिछले कई दिनों से मरीजों को एक्सरे रिपोर्ट कागज पर प्रिंट करके दी जा रही है। आमतौर पर एक्सरे रिपोर्ट एक प्लास्टिट फिल्म पर प्रिंट होती है, लेकिन यहां के सरकारी अस्पताल में पिछले काफी दिनों से मरीजों को एक्सरे की रिपोर्ट पेपर पर ही प्रिंट करके दी जा रही है।

मरीज ने बताई अपनी-अपनी आपबीती
इंडिया टुडे की खबर के मुताबिक, इस इलाके में रहने वाले लोग अधिकतर दिहाड़ी मजदूर हैं। इन मजदूरों में से कईयों ने अपनी-अपनी एक्सरे रिपोर्ट A4 साइज के पेपर पर प्रिंट होती दिखाई है। इस अस्पताल में अपने दाहिने हाथ का एक्सरा कराने वाले मरीज मारीमुथु का कहना है कि इस अस्पताल में कई दिनों से मरीजों को कागज पर ही एक्सरे प्रिंट करके दिया जा रहा है, कागज पर प्रिंट एक्सरे को डॉक्टरो को दिखाने में बहुत मुश्किल होती है। मारीमुथु का कहना है कि आसपास के इलाके में यही एक अस्पताल है, जो लोगों को आसानी से उपलब्ध होता है। इस अस्पताल के होने से थूथुकुडी सरकारी अस्पताल जाने की जरूरत नहीं पड़ती।
जिले कलेक्टर ने भी नहीं की कोई कार्रवाई
इस अस्पताल से इलाज करा रहे एक अन्य मरीज ने कहा है कि उन्होंने 15 दिन पहले जिला कलेक्टर के कार्यालय में जाकर इस मामले की जानकारी दी थी। उस वक्त अधिकारियों ने भी कार्रवाई की बात कही थी, लेकिन अभी तक स्थिति ठीक नहीं हुई है। आपको बता दें कि जब इस बारे में अस्पताल के अधिकारियों से बात की गई तो अधिकारियों ने कहा कि अस्पताल के पास फंड की कमी है, जिस वजह से ऐसा किया जा रहा है। सरकारी अस्पताल में फिल्मों के एक्स-रे की कीमत महज 50 रुपये होती है, जबकि कागज पर इसकी कीमत शून्य होती है।












Click it and Unblock the Notifications