Tamil Nadu Anti-NEET Bill को लेकर सीएम स्टालिन ने राष्ट्रपति को लिखा पत्र, मंजूरी देने का किया अनुरोध
Tamil Nadu Anti-NEET Bill: तमिलनाडु में NEET परीक्षा को लेकर सीएम एमके स्टालिन और राज्यपाल आरएन रवि के बीच विवाद गहरा हुआ है। एक तरफ जहां सीएम ने स्वतंत्रता दिवस पर आयोजित राज्यपाल की टी पार्टी के बहिष्कार का मन बनाया है तो दूसरी तरफ राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से राज्य के एनईईटी विरोधी विधेयक ( anti-NEET Bill) को मंजूरी देने का अनुरोध किया है।
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को पत्र लिखकर तमिलनाडु अंडर ग्रेजुएट मेडिकल डिग्री पाठ्यक्रम विधेयक, 2021 में प्रवेश को मंजूरी देने का अनुरोध किया।

राष्ट्रपति को लिखा पत्र
सीएम ने अपने पत्र में कहा कि, तमिलनाडु सरकार द्वारा पारित एनईईटी छूट विधेयक राज्य के लोगों की सामूहिक इच्छा से उत्पन्न विधायी सर्वसम्मति का परिणाम है। इसके कार्यान्वयन में प्रत्येक दिन की देरी से न केवल योग्य छात्रों को मूल्यवान मेडिकल सीटें गंवानी पड़ती हैं, बल्कि हमारे समाज को अमूल्य मानव जीवन भी गंवाना पड़ता है।
बिल को मंजूरी देने का अनुरोध
इसी के साथ उन्होंने आगे कहा, "इसलिए, मैं इस मामले में आपके तत्काल हस्तक्षेप का अनुरोध करता हूं और आपसे आग्रह करता हूं कि आप तमिलनाडु विधानसभा द्वारा पारित उपरोक्त विधेयक को जल्द से जल्द मंजूरी दें।"
छात्रों से स्टालिन की अपील
नेशनल एलिजिबिलिटी कम इंट्रेंस टेस्ट (एनईईटी) में असफल होने के बाद चेन्नई के 19 वर्षीय एमबीबीएस अभ्यर्थी की खुदकुशी के कुछ दिनों बाद मुख्यमंत्री स्टालिन ने सोमवार को छात्रों को आश्वासन दिया कि एनईईटी को समाप्त कर दिया जाएगा। उन्होंने उनसे आत्मघाती प्रवृत्ति ना पालने बल्कि आत्मविश्वास के साथ जीवन का सामना करने को कहा।
आपको बता दें कि दो बार NEET परीक्षा पास करने में असफल होने के बाद 19 वर्षीय मेडिकल अभ्यर्थी ने चेन्नई में आत्महत्या कर ली। बाद में मृतक छात्र के पिता ने भी सोमवार को खुदकुशी कर ली थी।












Click it and Unblock the Notifications