'नहीं तो अलग-थलग पड़ जाएंगे', आखिर क्यों तमिलनाडु सीएम स्टालिन ने PM मोदी को दी चेतावनी
MK stalin Warns PM Modi: एक दिन पहले (23 जुलाई) पेश हुए आम बजट 2024 को लेकर विपक्ष एनडीए सरकार के काफी नाराज है। विपक्षी दल इस बजट को 'कुर्सी बचाओ बजट' करार दिया है। इसी के साथ गैर एनडीए शासित राज्यों को बजट में अनदेखा करने का आरोप लगाया है।
इसी कड़ी में केंद्रीय बजट से नाराज तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने पीएम मोदी को सख्त लहजे में चेताया है। एमके स्टालिन ने बुधवार को कहा कि अगर वह शासन पर ध्यान देने के बजाय विपक्षी दलों और नेताओं को निशाना बनाना जारी रखते हैं तो वो दिन दूर नहीं जब वो "अलग-थलग" पड़ जाएंगे।

एमके स्टालिन ने दी चेतावनी
डीएमके चीफ और सीएम एमके स्टालिन, जो कि कांग्रेस के साथ इंडिया ब्लॉक का हिस्सा है, उन्होंने बजट 2024 पर हमला बोलते हुए कहा कि, "चुनाव खत्म हो गया है। अब हमें देश के बारे में सोचना है। बजट आपकी सरकार को बचाएगा, लेकिन राष्ट्र को नहीं बचाएगा। सरकार को निष्पक्ष रूप से चलाएं, अन्यथा आप अलग-थलग पड़ जाएंगे।"
एमके स्टालिन ने एक्स (ट्विटर) पर किए पोस्ट में कहा, "उन लोगों के प्रति अब भी प्रतिशोध मत रखिए जिन्होंने आपको हराया। यदि आप अपनी राजनीतिक पसंद और नापसंद के अनुसार शासन करेंगे तो आप अलग-थलग पड़ जाएंगे।"
वीडियो किया पोस्ट
इसी के साथ अपने पोस्ट के साथ मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने एक वीडियो भी पोस्ट किया, जिसमें विपक्षी दलों के नेता संसद के बाहर हाथों में तख्तियां लेकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं, जिस पर लिखा है कि 'देश मांगता इंडिया का बजट, नहीं चाहिए एनडीए का बजट।'
तमिलनाडु की अनदेखी का आरोप
बजट में तमिलनाडु की सरकार ने नाराजगी जताते हुए तीखी प्रतिक्रियाएं दी। जिसमें दावा किया गया कि गैर-भाजपा दलों द्वारा शासित राज्यों की अनदेखी की गई है। उदाहरण के लिए तमिलनाडु सरकार ने कहा है कि चेन्नई मेट्रो रेल के दूसरे चरण और कोयंबटूर में इसी तरह के विकास जैसे बुनियादी ढाँचे की परियोजनाओं के लिए कोई प्रावधान नहीं किया गया है।
डीएमके ने कहा है कि चेन्नई और दक्षिणी जिलों में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की बहाली के लिए धन का भी कोई प्रावधान नहीं किया गया है। राज्य ने 37,000 करोड़ रुपये मांगे थे, लेकिन अभी तक उसे केवल 276 करोड़ रुपये ही मिले हैं।












Click it and Unblock the Notifications