तमिलनाडु: ब्रेन डेड शख्स ने अंगदान से बचाई कई लोगों की जान, राजकीय सम्मान से हुआ अंतिम संस्कार
Tamil nadu Hindi News: तमिलनाडु के थेनी जिले में मंगलवार को एक अंगदाता का राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान राज्य के स्वास्थ्य मंत्री सुब्रमण्यम और अन्य सरकारी अधिकारी भी मौजूद रहे। सोशल मीडिया पर भी लोग राज्य सरकार के इस फैसले की सराहना कर रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक वडिवेलु सरकारी कर्मचारी थे। उनको कुछ वक्त पहले ब्रेन डेड घोषित कर दिया गया था। जिसके बाद उनके परिजनों ने सारे अंग अन्य मरीजों को दान करने का फैसला लिया। जिससे कई लोगों की जान बची।

वहीं वाडिवेलु के परिजनों ने बताया कि उनकी नौकरी जिला कलेक्ट्रेट में थी। पिछले शनिवार वो काम खत्म करके घर लौट रहे थे, तभी गाय ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। इससे वो संतुलन खो बैठे और जमीन पर तेजी से गिरे।
उनको आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उनके सिर में काफी ज्यादा गंभीर चोट लगी थी। उनके परिजन इलाज के लिए उनको तीन अस्पतालों में ले गए, लेकिन कहीं से राहत नहीं मिली। रविवार को उनको ब्रेन डेड घोषित कर दिया गया।
इसके बाद परिवार की सहमति से उनकी किडनी, लीवर, आंख को दान करने का फैसला लिया गया। वहीं 23 सितंबर को तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने घोषणा की थी, जो भी ऑर्गन डोनर रहेंगे, उनका अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। ऐसे में वाडिवेलु का अंतिम संस्कार सम्मान के साथ हुआ।
राज्य सरकार के मुताबिक तमिलनाडु अंगदान के मामले में काफी आगे है। जिससे सैकड़ों रोगियों की जान बची है। ऐसे में उनको सम्मान देने का फैसला राज्य सरकार ने लिया है। इससे और लोग भी अंगदान के लिए आगे आएंगे।
सोशल मीडिया पर हो रही तारीफ
लोग सोशल मीडिया पर सरकार के इस फैसले की तारीफ कर रहे। साथ ही इसे देशभर में लागू किए जाने की मांग हो रही है।












Click it and Unblock the Notifications