Tajinder Bagga: 16 साल की उम्र में शुरू की राजनीति, 23 साल में बना दिया रिकॉर्ड, कौन हैं तेजिंदर बग्गा?
नई दिल्ली, 6 मई: बीजेपी नेता तेजिंदर पाल सिंह बग्गा को शुक्रवार सुबह पंजाब पुलिस ने गिरफ्तार किया। इस कार्रवाई के दौरान बग्गा अपने दिल्ली आवास पर थे। आरोप है कि उन्होंने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर विवादित बयान दिया था, जिसके बाद पंजाब साइबर सेल में मामला दर्ज किया गया। इसी के तहत ये गिरफ्तारी हुई है। वहीं गिरफ्तारी के बाद से बीजेपी नेता अरविंद केजरीवाल और AAP पर हमलावर हैं। आइए जानते हैं बग्गा से जुड़ी कुछ दिलचस्प बातें-
Recommended Video

कम उम्र में बने नेता
बग्गा ने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत 16 साल की उम्र में कर दी थी। वो उस वक्त बीजेपी युवा मोर्चा से जुड़े थे। इसके अलावा वो 'भगत सिंह क्रांति सेना' के संस्थापक सदस्य भी हैं। 23 साल की उम्र में उन्होंने एक नया रिकॉर्ड बनाया और युवा मोर्चा के सबसे कम उम्र के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य बने। इसके बाद 2017 में उन्हें दिल्ली बीजेपी का प्रवक्ता बनाया गया। फिर उन्होंने दिल्ली की हरिनगर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा, लेकिन उन्हें AAP के प्रत्याशी ने हरा दिया।

10वीं के बाद छोड़ा स्कूल
वहीं शैक्षणिक योग्यता की बात करें तो उन्होंने 10वीं के बाद स्कूल छोड़ दिया था। इसके बाद उन्होंने IGNOU से बैचलर प्रिपरेटरी प्रोग्राम किया। ये कोर्स उन लोगों के लिए है जो 12वीं नहीं पास कर पाते हैं। इसके अलावा बग्गा सोशल मीडिया पर काफी ज्यादा सक्रिय हैं, वहां पर उनके 9 लाख से ज्यादा फॉलोवर्स हैं।

क्या है ताजा मामला?
दरअसल बग्गा के खिलाफ आम आदमी पार्टी के नेता सनी सिंह ने एक शिकायत दर्ज कराई थी, जिसमें उनके ऊपर भड़काऊ बयान देने, अफवाह फैलाने और धार्मिक व सांप्रदायिक तनाव पैदा करने की कोशिश का आरोप लगाया गया था। साथ ही तेजिंदर पाल सिंह बग्गा पर 30 मार्च के एक विरोध प्रदर्शन के दौरान दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल को धमकी देने का भी आरोप है। सनी सिंह ने पुलिस को बग्गा के बयान और वीडियो क्लिप की भी कॉपी सौंपी है।












Click it and Unblock the Notifications