प्रवासी सम्मेलन के विज्ञापनों से प्रवासी मंत्री सुषमा स्वराज गायब
नई दिल्ली (विवेक शुक्ला) प्रवासी भारतीय सम्मेलन में दूसरा दिन सबसे अहम होता है क्योंकि दूसरे दिन प्रधानमंत्री मेहमानों को संबोधित करते हैं। आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का भाषण होगा। पर,आज देश के प्रमुख अखबारों में प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन (पीबीडी) को लेकर जो पूरे पन्ने के विज्ञापन छपे हैं, उनमें विदेश और प्रवासी मामलों की मंत्री सुषमा स्वराज का कहीं कोई जिक्र नहीं है।

विज्ञापनों में विदेश मंत्री कहां
विज्ञापन में प्रधानमंत्री मोदी, गुजरात की मुख्यमंत्री आनंदी बेन पटेल, गुयाना के राष्ट्रपति डोनाल्ड रामोतार के चित्र हैं। रामोतार सम्मेलन में मुख्य अतिथि हैं। लेकिन इन विज्ञापनों में सुषमा स्वराज नहीं है।
हालांकि उन्होंने ही कल गांधीनगर में युवा प्रवासी भारतीय दिवस का उद्घाटन किया था। उन्होंने वैश्विक भारतीय युवाओं से आने, जुड़ने, सराहने और एक भारत श्रेष्ठ भारत के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। विदेश मामलों के जानकारों को भी इस बात से हैरानी है कि पीबीडी सम्मेलन पर छपे विज्ञापनों में सुषमा स्वराज का कहीं अता-पता नहीं है। कायदे से उन्हें इन विज्ञापनों में अवश्य होना चाहिए थे।
भारतीय अर्थव्यवस्था
श्रीमती सुषमा स्वराज ने प्रवासी भारतीय दिवस के अवसर पर अपने संबोधन में कहा कि भारतीय अर्थव्यवस्था दुनियाभर को रोमांचित कर रही है जो प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली नई सरकार के साथ नई ऊर्जा प्रदर्शित कर रही है। उन्होंने कहा कि हजारों मील दूर होने के बावजूद भारतीय डायसपोरा ने भारत की भावना को जीवंत रखा है। उन्होंने कहा है कि हमारे लोगों विशेषकर युवाओं को कौशल प्रदान करना भी हमारी प्राथमिकता है।
पहला सी कनेक्ट-यानी जुड़ाव
आज, लगभग ढाई करोड़ भारतीय मूल के लोग और प्रवासी भारतीय, देश के बाहर रहते और कार्य करते हैं। प्रवासी भारतीय दिवस इस प्रवासी भारतीय समुदाय को उनकी मातृभूमि से जोड़ने और भारतीय समुदाय को भारत के विकास और प्रगति में शामिल करने का अनिवार्य मंच है। बहरहाल, उम्मीद है कि आज पीबीडी में कुछ अहम घोषणाएं हो सकती हैं सरकार की तरफ से।












Click it and Unblock the Notifications