पश्चिम बंगाल में बनर्जी हिंसा का इस्तेमाल कर रही हैं: सुषमा स्वराज
नई दिल्ली। पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने बुधवार को पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी ने सत्ता में आने के बाद प्रदेश में राजनीतिक हिंसा को बढ़ावा दिया, जबकि वह खुद राजनीतिक हिंसा का शिकार रह चुकी हैं। भाजपा थिंक टैंक इंडिया फाउंडेशन के कार्यक्रम में बोलते हुए सुषमा स्वराज ने कहा कि यह दुख की बात है कि सत्ता हासिल करने के बाद राजनीतिक पार्टियां लोगों की बिना वजह हत्या कर रही हैं। मैं चकित हूं कि यह घटनाएं ऐसी नेता के शासनकाल में हुई हैं जिनकी वह खुद शिकार रह चुकी हैं। ममता बनर्जी ने खुद सीपीआईएम के शासनकाल में इस हिंसा का सामना किया है।

सुषमा स्वराज ने कहा कि यह आश्चर्य है कि कोई व्यक्ति इतना बर्बर और क्रूर कैसे हो सकता है। उन्होंने कहा कि बंगाल में कानून व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो चुकी है। टीएमसी के राज में किसी को भी न्याय नहीं मिल सकता है। उन्होंने कहा कि हम इंसाफ की उम्मीद तो करते हैं, लेकिन किससे करें, जब खुद मुंसिफ के ही हाथ खून से रंगे हैं। बता दें कि आंकड़ो के अनुसार राजनीतिक हिंसा से तकरीबन 150 परिवार पीड़िता हैं। इसमे से 72 परिवार भारतीय जनता पार्टी के हैं। गौर करने वाली बात है कि 23 जुलाई को 23 परिवार दिल्ली में न्याय की गुहार लगाने पहुंचे थे। इन लोगों के बाबत गृह मंत्रालय ने कुछ ही दिन पहले राज्य सरकार को एडवायजरी जारी करके सवाल पूछा है।












Click it and Unblock the Notifications