सुशांत की बहन श्वेता सिंह ने शेयर किया Video, हाथ जोड़कर बोलीं- एकजुट होकर CBI जांच की मांग करें क्योंकि...
नई दिल्ली। बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत (Sushant Singh Rajput) के निधन को कल दो महीने पूरे हो जाएंगे। सुशांत 14 जून को अपने बांद्रा स्थित घर में मृत पाए गए थे। उनके फैंस और उनका परिवार लगातार इस मामले की सीबीआई जांच की मांग कर रहा है। अब सुशांत की बहन श्वेता सिंह कीर्ति ने एक वीडियो जारी किया है। जिसमें उन्होंने लोगों से मांग की है कि सब एकजुट होकर सीबीआई जांच की मांग करें। जब तक सच सामने नहीं आएगा तब तक हम शांति से नहीं जी पाएंगे। इससे पहले उन्होंने एक तस्वीर शेयर की थी, जिसमें उन्होंने एक प्लेकार्ड पकड़ा हुआ है। जिसपर लिखा है, 'मैं सुशांत सिंह राजपूत की बहन हूं और मैं एसएसआर के लिए सीबीआई जांच का अनुरोध करती हूं।'
Recommended Video

'हमें सच जानने का हक है'
श्वेता सिंह कीर्ति ने इस वीडियो में कहा है, 'मैं सुशांत सिंह राजपूत की बहन श्वेता सिंह कीर्ति हूं और मैं सभी से एकजुट होकर सुशांत के लिए सीबीआई जांच की मांग करने का अनुरोध करती हूं। हम डिजर्व करते हैं कि हम सच जानें, हम सुशांत के लिए न्याय डिजर्व करते हैं, नहीं तो हम कभी सच नहीं जान पाएंगे, हम कभी भी शांति से जिंदगी नहीं जी पाएंगे। तहे दिल से आप सबसे अनुरोध है कि हम एकजुट होकर सीबीआई जांच की मांग करें। क्योंकि हमें सच जानने का हक है। थैंक्यू, सीबीआई फॉर एसएसआर, प्लीज...' श्वेता ने वीडियो शेयर करते हुए उसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और पीएमओ को भी टैग किया है।
अंकिता ने शेयर किया वीडियो
वहीं सुशांत की पूर्व गर्लफ्रेंड और अभिनेत्री अंकिता लोखंडे ने भी श्वेता सिंह कीर्ति का ये वीडियो शेयर किया है। श्वेता ने वीडियो को शेयर करते हुए इसके कैप्शन में लिखा है, 'हम सीबीआई जांच के लिए एक राष्ट्र के रूप में एक साथ खड़े हैं। निष्पक्ष जांच की मांग करना हमारा अधिकार है और हम उम्मीद करते हैं कि सच्चाई सामने आएगी।' इससे एक दिन पहले ही सुशांत के परिवार ने एक 9 पन्नों की चिट्ठी भी जारी की है। जिसके जरिए उन्होंने बताया है कि पूरे परिवार को लगातार धमकियां मिल रही हैं, जांच को प्रभावित करने की कोशिश हो रही है और सुशांत की निर्मम हत्या की गई है।

केंद्र ने सीबीआई जांच को दी थी अनुमति
सुशांत के परिवार ने पटना में एक एफआईआर भी दर्ज करवाई थी, जिसमें उन्होंने सुशांत की कथित गर्लफ्रेंड रिया चक्रवर्ती, उसके परिवार और कुछ अन्य लोगों पर सुशांत के साथ धोखाधड़ी करने, उनका पैसा हड़पने और उन्हें आत्महत्या के लिए मजबूर करने का आरोप लगाया था। बाद में जब बिहार पुलिस मामले की जांच के लिए मुंबई पहुंची तो वहां उन्हें बिल्कुल भी सहयोग नहीं मिला। जिसके बाद सुशांत के पिता ने बिहार सरकार से सीबीआई जांच की मांग की। इसके बाद बिहार सरकार ने इसकी सिफारिश केंद्र सरकार से की और केंद्र सरकार ने इसे मान लिया। सीबीआई ने रिया चक्रवर्ती, उसके परिवार और कुछ अन्य लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

रिया ने की केस ट्रांसफर करने की मांग
हालांकि रिया ने बिहार में एफआईआर दर्ज होने के बाद सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल कर मांग की थी कि इस केस को मुंबई ट्रांसफर कर दिया जाए। जिसपर कोर्ट ने 5 अगस्त को सुनवाई की थी और अपना फैसला सुरक्षित रख लिया था। साथ ही कहा था कि सभी पक्षों के वकील गुरुवार को अपनी दलीलों पर संक्षिप्त नोट कोर्ट में जमा करवा सकते हैं। अब देखना ये होगा कि कोर्ट क्या फैसला सुनाता है और इस मामले की जांच आगे सीबीआई को दी जाएगी या फिर मुंबई पुलिस को।












Click it and Unblock the Notifications