'कंप्यूटर की सरकारी निगरानी' पर भड़की शिवसेना, कहा- मोदी जी देश में आपातकाल ही घोषित कर दीजिए
नई दिल्ली। केंद्र सरकार के कंप्यूटर्स की निगरानी को लेकर दिए गए फैसले पर घमासान जारी है। कांग्रेस सहित तमाम विपक्षी दलों ने इसको लेकर सदन में कल हंगामा किया और सरकार पर जासूसी करने का आरोप लगाया था। वहीं, बीजेपी की सहयोगी शिवसेना ने भी इस फैसले पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। शिवसेना नेता मनीषा कायंदे ने पीएम मोदी पर हमला बोला है।

मनीषा कायंदे ने सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि ऐसे नोटिफिकेशन जारी करने के बजाय मोदी जी को देश में आपातकाल की घोषणा कर देनी चाहिए। इसके पहले, कल पूरे दिन सरकार के फैसले पर घमासान जारी रहा। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने पीएम मोदी पर इस सर्कुलर के जरिए देश को पुलिस राज्य में तब्दील करने का आरोप लगाया।
गृह मंत्रालय ने 10 केंद्रीय एजेंसियों को देशभर में चल रहे कंप्यूटर में सेंधमारी की इजाजत दे दी है, जिसके बाद घमासान मचा हुआ है। कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, आरजेडी और एआईएमआईएम ने इसका विरोध किया है। शुक्रवार को कांग्रेस नेता आनंद शर्मा ने कहा था कि सरकार देश को सर्विलांस स्टेट बनाना चाहती है। जबकि कांग्रेस नेता अहमद पटेल ने सरकार के इस फैसले को गलत बताया और कहा कि एजेंसियों को इस प्रकार की जासूसी की छूट देना चिंताजनक है।












Click it and Unblock the Notifications