Delhi SIR पर सुप्रीम कोर्ट सख्त - Form 6 पर ECI को फटकार! दिल्ली में अभी चुनाव नहीं, जल्दबाजी ना करे आयोग
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision - SIR) को लेकर जारी विवाद में सुप्रीम कोर्ट ने भारतीय निर्वाचन आयोग (ECI) की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत, न्यायमूर्ति जॉयमाल्य बागची और न्यायमूर्ति जे.वी. मोहना की तीन सदस्यीय विशेष खंडपीठ ने चुनाव आयोग से पूछा कि जो लोग 2026 की मतदाता सूची में पहले से पंजीकृत थे और केवल गणना फॉर्म (Enumeration Form) न भर पाने के कारण ड्राफ्ट रोल से बाहर रह गए, उन्हें नए मतदाताओं वाला 'फॉर्म-6' भरने के लिए क्यों बाध्य किया जा रहा है?
शीर्ष अदालत की कड़ी टिप्पणियों के बाद निर्वाचन आयोग ने दिल्ली में दावे और आपत्तियां (Claims and Objections) दर्ज कराने की 30 अक्टूबर की समय सीमा को आगे बढ़ाने पर सहमति व्यक्त की है। अदालत ने आयोग को पूरी नामांकन प्रक्रिया को सरल बनाने और आवश्यक तकनीकी फेरबदल करने के लिए दो सप्ताह का समय दिया है।

जो पहले से मतदाता है, उसके लिए क्लीन स्लेट क्यों?
सुप्रीम कोर्ट में एडवोकेट नेहा राठी और काजल गिरी की पिटिशन पर सुनवाई के दौरान निर्वाचन आयोग की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता सुकुमारन ने जब यह तर्क दिया कि जो लोग ड्राफ्ट सूची में नहीं आ सके, उन्हें एसआईआर के संदर्भ में 'पहली बार के मतदाता' (First-Time Voters) के रूप में देखा जा रहा है ताकि एक नए सिरे (Clean Slate) से सूची तैयार हो सके, तो पीठ ने इस पर कड़ी आपत्ति जताई।
लाइव-लॉ वेबसाइट के मुताबिक न्यायमूर्ति जॉयमाल्य बागची ने ईसीआई से सवाल किया, "जब तक आपकी अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित नहीं हो जाती, तब तक फॉर्म-6 का आग्रह क्यों? जो लोग गणना फॉर्म भरने से चूक गए, उन्हें वही फॉर्म जमा करने की अनुमति क्यों नहीं दी जा सकती? जो लोग शिफ्ट हो चुके हैं, मृत हैं या अन्य कारणों से हटाए गए हैं, उनका अंतर समझना आवश्यक है।"
मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत ने स्पष्ट रूप से कहा कि दिल्ली में निकट भविष्य में कोई चुनाव प्रस्तावित नहीं हैं, इसलिए आयोग को प्रक्रियाओं को जल्दबाजी में पूरा करने से बचना चाहिए। मुख्य न्यायाधीश ने निर्देश दिया कि आयोग को मतदाताओं तक स्वयं पहुंचना चाहिए और किसी सख्त कट-ऑफ तारीख पर अड़े रहने के बजाय सबसे सरल उपाय तलाशने चाहिए।
फॉर्म-6 की अनिवार्यता से क्यों खड़ा हुआ संकट?
निर्वाचन पंजीकरण नियम, 1960 के कानूनी ढांचे के अनुसार फॉर्म-6 का उपयोग केवल उन नागरिकों के लिए निर्धारित है जो पहली बार मतदाता बनने के लिए पंजीकरण करा रहे हैं। दूसरी ओर, यदि किसी मौजूदा मतदाता का पता बदलता है या क्षेत्र में परिवर्तन होता है, तो उसके लिए 'फॉर्म-8' का प्रावधान है।
मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया के तहत निर्वाचन आयोग ने फॉर्म-6 के साथ एक विशेष घोषणा पत्र (Declaration/Annexure D) अनिवार्य कर रखा था, जिसमें आवेदक को यह दर्ज करना होता है कि उसका या उसके माता-पिता का नाम 2002 या पूर्ववर्ती गहन पुनरीक्षण की मतदाता सूची में शामिल था या नहीं। याचिकाकर्ताओं का कहना है कि जब एक पुराने स्थापित मतदाता का नाम ड्राफ्ट लिस्ट में छूटने पर उसे फॉर्म-6 भरने को कहा जाता है, तो पारिवारिक वंशावली और दशकों पुराने चुनावी रिकॉर्ड पेश करने का अनुचित प्रशासनिक बोझ (Onus of proof) आवेदक मतदाता पर आ पड़ता है।
हालांकि आयोग ने 26 अक्टूबर को शीर्ष अदालत में हलफनामा दायर कर दावा किया था कि मूल फॉर्म-6 में कोई फेरबदल नहीं किया गया है और एसआईआर घोषणा पत्र को तकनीकी रूप से अलग रखा गया है। लेकिन 28 अक्टूबर की सुनवाई में अदालत ने दो टूक कहा कि प्रक्रियात्मक जटिलताओं के चलते किसी भी वास्तविक नागरिक का संवैधानिक मताधिकार बाधित नहीं होना चाहिए।
ये भी पढें: SIR के खिलाफ दिल्ली में फिर सड़कों पर प्रदर्शन: ECI घेराव पर पुलिस ने हिरासत में, CEC के इस्तीफे की मांग तेज
सीजेआई का सुझाव: हटाई गई सूची सार्वजनिक हो और बीएलओ मदद करें
पीठ ने समस्या के समाधान के लिए एक व्यावहारिक व्यवस्था का सुझाव दिया। मुख्य न्यायाधीश ने कहा कि निर्वाचन आयोग उन सभी नागरिकों की सूची सार्वजनिक रूप से जारी करे जिनके नाम गणना सर्वे के दौरान ड्राफ्ट रोल में शामिल नहीं हो पाए। इसके बाद उन मतदाताओं को निकटतम बूथ लेवल अधिकारी (BLO) से संपर्क कर फॉर्म-8 या गणना फॉर्म भरने की सुविधा दी जानी चाहिए।
अदालत ने कहा, "अंतिम सूची प्रकाशित होने के बाद यदि कोई छूटता है, तब फॉर्म-6 की मांग समझ आती है। लेकिन अंतिम सूची से पहले ही पुराने नागरिकों से नया पंजीकरण मांगना उचित नहीं है।" अदालत ने आयोग को निर्देश दिया कि वह लोगों को जागरूक करे और फॉर्म स्वीकार करने की गति बनाए रखे।
सुप्रीम कोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया कि उसने इस प्रक्रिया में 'लॉजिकल डिस्क्रिपेंसी' (Logical Discrepancy) के आधार पर नाम हटाने की संवैधानिक वैधता की अभी अंतिम समीक्षा नहीं की है। आयोग अब अगले दो सप्ताह में प्रक्रिया को सुगम बनाने के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश और नई समय-सारणी तैयार करेगा, जिसके बाद अदालत इस मामले की अगली सुनवाई करेगी।


Click it and Unblock the Notifications
