कहीं कोरोना मरीज बदहाल तो कहीं शौचालयों में सड़ रही लाशें, जिसके चलते नाराज हुआ SC
कहीं कोरोना मरीज बदहाल तो कहीं लाशों के साथ अमानवीयता, जिसके चलते नाराज हुआ SC
नई दिल्ली। कोरोना अस्पतालों की बदइंतजामी पर सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को नाराजगी जाहिर की है। अदालत ने दिल्ली, महाराष्ट्, बंगाल और तमिलनाडु में अस्पतालों की बदहाली पर नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। दिल्ली के एलएनजेपी अस्पताल को लेकर अदालत ने कड़ी फटकार सरकार को लगाई है। कोर्ट ने कहा कि ऐसा तो जानवरों के साथ भी नहीं होता, जैसे मरीजों के साथ किया जा रहा है। अदालत ने मामले पर स्वत: संज्ञान लेते हुए नोटिस जारी किए हैं।

इन चार राज्यों को नोटिस
सरकारी अस्पतालों की स्थिति पर सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली, महाराष्ट्र, तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल को नोटिस जारी किया है। दिल्ली में एलएनजेपी समेत कई हॉस्पिटल को नोटिस जारी किया गया है। नोटिस में सरकारी अस्पतालों में भर्ती मरीजों की स्थिति पर जवाब तलब किया गया है। कोर्ट ने केंद्र सरकार से मरीजों के इलाज और शवों के अंतिम संस्कार को लेकर जारी गाइडलाइन पर भी जवाब मांगा है। सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि आखिर वो मरीजों और मृत शरीरों के समुचित रखरखाव के लिए क्या कर रहे हैं?

सामने आए अस्पतालों की बदहाली के वीडियो और तस्वीरें
हाल ही में मीडिया में ऐसी तमाम रिपोर्ट आई हैं, जिनमें राजधानी दिल्ली समेत देश के ज्यादातर हिस्सों में कोरोना के इलाज के लिए ढंग की व्यवस्था नहीं है, अस्पतालों की हालत बेहद खराब है। इस तरह के वीडियो सामने आए हैं जिसमें कोरोना वार्ड में एक बेड पर मरीज तो उसके बराबर में बॉडी पड़ी हुई है और कोई ना सुनने वाला है ना देखने वाला। दिल्ली समेत ज्यादतर शहरों में अस्पतालों में जगह नहीं मिल रही है और मिल रही है तो उसमें नरकीय स्थिति है। वहीं कोरोना से मौत के बाद शवों का गरिमा के साथ अंतिम संस्कार ना किए जाने के भी मामले आए हैं।
खासतौर से दिल्ली के एलएनजेपी अस्पताल की रिपोर्ट भयावह थी, जहां लाशें और मरीज सब ऐसे ही पड़े थे। कोई डॉक्टर और साफ सफाई का इंतजाम कोरोना वार्ड में नहीं दिखा था। वहीं महाराष्ट्र के जलगांव के सिविल अस्पताल में एक बुजुर्ग महिला जोकि कोरोना वायरस से संक्रमित थी, उसका अस्पताल में निधन हो गया। महिला का शव शौचालय में कई दिन तक पड़ा रहा लेकिन किसी ने इसकी सुध नहीं। इस बाबत जब एक मरीज ने शिकायत की कि शौचालय के अंदर दरवाजा बंद है और काफी बदबू आ रही है, उसके बाद महिला के शव को बाहर निकाला गया।

रिपोर्ट्स पर कोर्ट ने लिया संज्ञान
इस तरह की रिपोर्ट पर कोर्ट ने संज्ञान लिया था। जिस पर शुक्रवार को सुनवाई हुई। अब इस मामले में अगली सुनवाई बुधवार को होगी। वहीं देश में कोरोना मरीजों की संख्या लगातर बढ़ रही है। शुक्रवार को कोरोना वायरस के मरीजों में रिकॉर्ड बढोत्तरी दर्ज की गई और एक दिन के अंदर 10,956 नए केस सामने आए। वहीं, पिछले 24 घंटों के भीतर 396 लोगों की मौत कोरोना वायरस के कारण हुई। इन नए आंकड़ों के बाद देश में कोरोना वायरस के मरीजों की संख्या बढ़कर 297535 और मृतकों की संख्या 8498 हो गई है। फिलहाल एक्टिव केस 141842 हैं।
कोरोना के मरीजों का अस्पताल में जानवरों से भी बदतर इलाज हो रहा: सुप्रीम कोर्ट












Click it and Unblock the Notifications