The Kerala Story: बैन का मामला पहुंचा सुप्रीम कोर्ट, CJI ने पूछा- बंगाल में क्यों नहीं दिखाई जा रही फिल्म?
The Kerala Story पर बंगाल और तमिलनाडु सरकार ने बैन लगा दिया था, जिसका मामला अब सुप्रीम कोर्ट पहुंच गया है। कोर्ट ने दोनों राज्यों से जवाब मांगा।

बॉलीवुड की फिल्म 'द केरला स्टोरी' बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा रही है। इस बीच बंगाल और तमिलनाडु सरकार ने इस पर बैन लगा दिया, जिस पर निर्माताओं ने सुप्रीम कोर्ट का रुख किया है। जिस पर कोर्ट ने राज्यों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।
सुनवाई के दौरान चीफ जस्टिस ने कहा कि फिल्म पूरे देश में दिखाई जा रही है, तो फिर पश्चिम बंगाल सरकार को फिल्म पर प्रतिबंध क्यों लगाना चाहिए, आपको इसे चलने क्यों नहीं देना चाहिए? फिल्म देश के विभिन्न हिस्सों में समान डेमोग्राफिक प्रोफाइल के साथ चल रही है। इसका फिल्म के सिनेमाई मूल्य से कोई लेना-देना नहीं है, ये अच्छा या बुरा हो सकता है।
जल्दी सुनवाई चाहते थे याचिकाकर्ता
बीते बुधवार को फिल्म निर्माताओं ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका डाली थी। उनकी ओर से वरिष्ठ वकील हरीश साल्वे पेश हुए। कोर्ट ने उनसे कहा कि फिल्म पर रोक से जुड़ी एक याचिका पर 15 मई को सुनवाई होनी है, क्यों ना इसे भी उसके साथ जोड़ दिया जाए।
इस पर साल्वे ने कहा कि फिल्म 5 मई को रिलीज हुई थी। दो राज्यों में बैन से निर्माताओं को काफी ज्यादा नुकसान हो रहा, ऐसे में जल्द से जल्द इस पर सुनवाई होनी चाहिए। उनकी इस मांग पर 12 मई यानी आज इस केस को लिस्ट किया गया।
ममता बनर्जी ने की थी आलोचना
बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने कहा था कि ये फिल्म मनगढ़ंत कहानी पर आधारित है। बीजेपी इसके पीछे साजिश रच रही। वो केरल के बारे में झूठी चीजों को दिखा रहे। उनके एक्सपर्ट कुछ दिनों पहले बंगाल आए थे। वो बंगाल स्टोरी भी बनाना चाहते हैं, ताकि राज्य को बदनाम कर सकें। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी ऐसी फिल्मों के लिए फंडिंग भी कर रही है।
कई राज्यों में टैक्स फ्री
बीजेपी शासित उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और मध्य प्रदेश में 'द केरल स्टोरी' टैक्स फ्री कर दी गई है। यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने हाल ही में फिल्म के कलाकारों से मुलाकात की थी। इसके अलावा उन्होंने शुक्रवार को अपनी टीम के साथ इस फिल्म को देखा।












Click it and Unblock the Notifications