'तपस्या' के लिए हिमालय गए सुपर स्टार रजनीकांत
नई दिल्ली। राजनीति में आने की पुष्टि कर चुके दिग्गज अभिनेता रजनीकांत आज हिमालय की यात्रा पर रवाना हो गए। रवाना होने से पहले उन्होंने कहा कि वह 'आध्यात्मिक राजनीति' करेंगे। उनके 10 दिन में लौटने की संभावना है। अपनी इस यात्रा के दौरान वह बाबाजी के आश्रम में पूर्जा-अर्चना करेंगे। जानकारी के मुताबिक रजनीकांत सबसे पहले विमान से शिमला जाएंगे फिर वहां से ऋषिकेश जाएंगे। वह हिमालय की तलहटी में स्थित आध्यात्मिक केंद्र में समय बिताएंगे। इस केंद्र का निर्माण रजनीकांत और उनके मित्रों ने योगोदा सत्संग सोसायटी ऑफ इंडिया (वाईएसएस) के 100 वर्ष पूर्ण होने पर कराया था।

एयरपोर्ट पर कुछ सवालों का जवाब नहीं दिया रजनीकांत ने
हवाई अड्डे के लिए रवाना होने से पहले रजनीकांत ने कहा,''मैं आध्यात्मिक यात्रा पर रवाना हो रहा हूं।'' उन्होंने कावेरी मामले और शुक्रवार को शहर में कॉलेज छात्रा की हत्या के बारे में पूछे गए प्रश्नों का उत्तर देने से इंकार कर दिया। आपको बता दें कि रजनीकांत इन दिनों फिल्मों से ज्यादा राजनीति को लेकर सुर्खियों में हैं।

विधानसभा चुनावों में सभी सीटों पर लड़ेगी रजनीकांत का पार्टी
रजनीकांत ने गत 31 दिसम्बर को राजनीति में प्रवेश करने की पुष्टि की थी और उन्होंने घोषणा की थी कि वह अपनी पार्टी शुरु करेंगे और 2021 में होने वाले राज्य विधानसभा चुनावों में सभी 234 सीटों पर चुनाव लड़ेंगे। गौरतलब है कि राजनीति में आने के बाद ऐसे कयास लगाया जा रहे हैं कि कमल हासन और रजनीकांत आपस में मिल सकते हैं। दोनों एक बार मुलाकात भी कर चुके हैं। मुलाकात के बाद हासन ने रजनीकांत की पार्टी के साथ एलायंस होने के बारे में पूछने पर समय पर बात टाल दी थी, उन्होंने कहा था, 'इस बारे में तो सिर्फ समय ही बताएगा।' रजनीकांत से मुलाकात के बाद कमल हासन बोले, 'हमारी मुलाकात कोई राजनीतिक नहीं, सिर्फ औपचारिक थी, मैं उन्हें अपने राजनीतिक टूर के बारे में जानकारी देने आया था, उन्होंने मुझे इस सफर के लिए शुभकामनाएं दी।'

कौन-कौन से फिल्म आने वाली है रजनीकांत की
फिल्मों की बात करें तो रजनीकांत की अपकमिंग फिल्म ‘काला' 27 अप्रैल को रिलीज हो रही है। इस फिल्म का टीजर रिलीज हो चुका है और रजनीकांत के फैन्स इस फिल्म को देखने के लिए बड़े बेताब हैं। इसके बाद उनकी फिल्म '2.0' भी रिलीज होगी। रजनीकांत की इस फिल्म से काफी उम्मीदें की जा रहे हैं, लेकिन इसकी रिलीज डेट लगातार टलती नजर आ रही है।












Click it and Unblock the Notifications