स्वामी बोले, राम मंदिर बीजेपी के घोषणा पत्र में है, इससे अलग नहीं जा सकते
यूपी चुनाव से पहले राम मंदिर के मुद्दे पर बीजेपी सांसद सुब्रमण्यम स्वामी ने आवाज बुलंद की है। उन्होंने कहा कि राम का मुद्दा 2014 के भारतीय जनता पार्टी के घोषणापत्र में शामिल है।
नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश चुनाव से पहले एक बार फिर राम मंदिर का मुद्दा उठा है। इस मामले में बीजेपी नेता सुब्रमण्यम स्वामी ने कहा है कि राम मंदिर का मुद्दा 2014 के बीजेपी घोषणा पत्र में शामिल है। अब ये पार्टी का दायित्व है कि वह लोगों से किए वादे को पूरा करे।

अब स्वामी ने उठाया राम मंदिर का मुद्दा
यूपी चुनाव से पहले राम मंदिर के मुद्दे पर बीजेपी सांसद सुब्रमण्यम स्वामी ने आवाज बुलंद की है। उन्होंने कहा कि राम का मुद्दा 2014 के भारतीय जनता पार्टी के घोषणापत्र में शामिल है। हम इससे कैसे भाग सकते हैं? स्वामी ने कहा कि हमें इस वादे को पूरा करना चाहिए।
सुब्रमण्यम स्वामी ने कहा कि इस मामले को ताकत से हल नहीं किया जा सकता है, लेकिन सुप्रीम कोर्ट चाहता है कि 6 साल से अधूरे पड़े इस मामले में कुछ कार्रवाई की जाए।
सुब्रमण्यम स्वामी ने कहा कि अब समय आ गया है कि इस मामले को सुना जाए और खत्म किया जाए। इस मामले में मुस्लिम पार्टी भी सुनवाई के लिए सहमत है।
राम मंदिर पर गरमाई सियासत
बता दें कि कांग्रेस पार्टी ने बीजेपी पर राम के नाम पर राजनीति का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि बीजेपी यूपी विधानसभा चुनाव में जीत के लिए राम का नाम आगे कर रही है।
कांग्रेस नेता डीपी सिंह ने कहा कि बीजेपी अयोध्या में राम म्यूजियम बनवा रही है, दूसरी ओर समाजवादी पार्टी रामायण मेला का आयोजन कर रही है। कुल मिलाकर उत्तर प्रदेश चुनाव से पहले बस राम का नाम बेचने की कोशिश की जा रही है।
बता दें कि बीजेपी की ओर से राज्य सभा सांसद विनय कटियार ने अयोध्या में राम म्यूजियम बनाने के केंद्र सरकार के फैसले पर सवाल उठाए। उन्होंने इसे लॉलीपॉप करार दिया है।
बीजेपी सांसद ने कहा कि हमें अपने प्रयास राम मंदिर बनाने के लिए करना चाहिए। लोग लॉलीपॉप नहीं राम मंदिर का निर्माण चाहते हैं।












Click it and Unblock the Notifications