SSR Case: संदीप सिंह के कॉल रिकॉर्ड आए सामने, सुशांत की मौत के बाद किस किससे की फोन पर बात
नई दिल्ली। सुशांत सिंह राजपूत की मौत के मामले में सीबीआई और ईडी जांच कर रहे हैं। इस मामले में रोजाना नए खुलासे हो रहे हैं। अब खुद को सुशांत का दोस्त बताने वाले संदीप सिंह को लेकर भी कई बड़े खुलासे हुए हैं। दरअसल संदीप सिंह की कॉल रिकॉर्ड सामने आई है, जिससे पता चलता है कि उन्होंने कब और किसे फोन किए थे। इन कॉल रिकॉर्ड से ये बात भी साफ हो गई है कि संदीप सिंह ने सितंबर, 2019 के बाद से सुशांत से फोन पर बात नहीं की है। यानी वो पिछले साल से ही सुशांत के संपर्क में नहीं थे। ऐसे में ये सवाल उठना लाजमी है कि जब वह सुशांत के संपर्क में ही नहीं थे, तो फिर उनकी मौत वाले दिन अस्पताल से लेकर उनके घर तक पर सबकुछ क्यों संभाल रहे थे।
Recommended Video

एंबुलेंस ड्राइवर से की फोन पर बात
संदीप सिंह की कॉल रिकॉर्ड से ये भी पता चला है कि उन्होंने अभिनेता की मौत के बाद अगले दो दिनों तक एंबुलेंस के ड्राइवर से भी संपर्क किया था। बता दें अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत 14 जून को अपने बांद्रा स्थित घर में मृत पाए गए थे। इसका मतलब ये है कि संदीप सिंह ने 16 जून तक एंबुलेंस के ड्राइवर से कई बार फोन पर बात की थी। संदीप ने अधिकतम करीब दो मिनट तक एंबुलेंस ड्राइवर से फोन पर बात की। जिसके बाद से कई तरह के सवाल खड़े हो रहे हैं। इनमें एक सवाल ये है कि जब सुशांत की मौत 14 जून को ही हो गई थी, तो संदीप सिंह ने 16 जून को एंबुलेंस ड्राइवर को फोन क्यों किया। इसके साथ ही जब वह पिछले साल से सुशांत के संपर्क में नहीं थे, तो अस्पताल, सुशांत के घर और शमशान तक पर क्या कर रहे थे।

दोनों के बीच 4 बार हुई बात
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, संदीप सिंह के कॉल रिकॉर्ड्स को देखकर ऐसा लग रहा है कि जैसे कोई उन्हें फोन पर निर्देश दिया करता था। यानी घटनास्थल पर जाने के लिए संदीप को किसी ने फोन करके बताया था। पिंकविला की रिपोर्ट के अनुसार, एंबुलेंस के ड्राइवर का कहना है, 'संदीप सिंह ने मुझे फोन नहीं किया, पुलिस ने किया था।' जब एंबुलेंस ड्राइवर को पुलिस ने फोन किया था, तो फिर संदीप सिंह ने क्यों उसे 16 जून तक फोन किया। जानकारी के अनुसार, एंबुलेंस ड्राइवर और संदीप सिंह के बीच 14 जून से लेकर 16 जून तक चार बार फोन पर बात हुई थी।

कब और कितनी देर तक हुई बात
संदीप सिंह के कॉल रिकॉर्ड से इस बात की जानकारी मिली है कि 14 जून को एंबुलेंस ड्राइवर अक्षय भंडगर ने उन्हें शाम 6.40 पर फोन किया था, दोनों के बीच 48 सेकेंड तक बातचीत हुई। फिर ड्राइवर ने 7.57 पर फोन किया और दोनों के बीच 51 सेकेंड तक बात हुई। इसके बाद पता चलता है कि 14 जून को ही संदीप सिंह ने एंबुलेंस ड्राइवर को रात 9.59 बजे फोन किया। इसके बाद फिर 16 जून को संदीप सिंह और एंबुलेंस ड्राइवर के बीच 104 सेकेंड तक बात हुई। आपको बता दें सुशांत सिंह राजपूत की मौत के मामले में संदीप सिंह भी शक के घेरे में हैं। उन्हें सीबीआई जल्द ही पूछताछ के लिए बुला सकती है। वहीं सुशांत का परिवार भी कह चुका है कि वह संदीप सिंह को नहीं जानते हैं। सुशांत के कई दोस्तों ने भी इस बात की पुष्टि की है कि संदीप सिंह के बारे कभी भी सुशांत ने उन्हें कुछ नहीं बताया था।

'देश छोड़कर भाग सकते हैं संदीप सिंह'
वहीं दूसरी ओर सुशांत के फैमिली फ्रेंड निलोत्पल मृणाल ने संदीप के बारे में मंगलवार को एक ट्वीट भी किया है। जिसमें उन्होंने लिखा है कि संदीप इस महीने के आखिर में भारत से भागकर लंदन जाने की योजना बना रहे हैं। वीजा का काम भी पूरा हो गया है। उन्होंने ट्वीट में कहा है कि किसी से उन्हें इस बात की जानकारी मिली है इसलिए एजेंसियों को हाई अलर्ट पर होना चाहिए और इस केस में शामिल किसी भी शख्स को देश से बाहर नहीं जाने देना चाहिए। इसके अलावा भाजपा सांसद सुब्रमण्यम स्वामी ने भी ट्वीट करते हुए लिखा है, 'संदीप सिंह की जांच होनी चाहिए कि वह कितनी बार और क्यों दुबई गया था?' रिपोर्ट्स की मानें तो संदीप सिंह ने दावा किया था कि वह सुशातं के निधन की खबर सुनकर उनके घर पहुंचने वाले पहले व्यक्ति थे।












Click it and Unblock the Notifications