सुबह में भाजपा में श्रीराम शाम होते ही कर दिया राम-राम

दरअसल लोकसभा चुनाव के मद्देनजर श्रीराम सेना के प्रमुख प्रमोद मुतालिक भाजपा में शामिल हुए थे, लेकिन विपक्षी दलों के साथ गोवा के मुख्यमंत्री मनोहर पार्रिकर के कड़े विरोध के बाद पार्टी को इस फैसले पर पुनर्विचार के लिए मजबूर होना पड़ा। पार्टी के भीतर और बाहर बढ़ते विरोध को देखते हुए भाजपा ने आखिरकार रविवार की देर शाम भाजपा ने मुतालिक की पार्टी सदस्यता खारिज कर दी और उन्हें राम-राम कर दिया।
पार्टी की नेता निर्मला सीतारमण ने भाजपा केंद्रीय नेतृत्व के इस फैसले की जानकारी देते हुए मीडिया को जानकारी दी और बताया कि भाजपा इस बारे में जल्द ही नोटिस जारी करेगी। दरअसल, भाजपा को मुतालिक पर विपक्षी दलों के साथ-साथ पार्टी के अंदर भी भारी विरोध के कारण यू-टर्न लेना पड़ा।
दरअसल पार्टी के इस फैसले को लेकर गोवा के मुख्यमंत्री मनोहर पार्रिकर खासे नाराज थे। उन्होंने इस बाबत पार्टी अध्यक्ष राजनाथ सिंह से अपनी नाराजगी भी जाहिर की थी। सूत्रों के मुताबिक इसके बाद नितिन गडकरी, अरुण जेटली और राजनाथ सिंह के बीच इस पर फोन पर चर्चा हुई।
पार्टी में बढ़ती नाराजगी को देखते हुए राजनाथ ने इस मुद्दे पर कर्नाटक के प्रदेश प्रभारी से भी बात की। जिसके बाद आखिरकार मुतालिक की सदस्यता खारिज करने का फैसला ले लिया गया।
गौरतलब है कि इससे पहले प्रमोद मुतालिक को रविवार सुबह भाजपा की राज्य इकाई के प्रमुख प्रह्वाद जोशी, पूर्व मुख्यमंत्री जगदीश शेट्टार और पूर्व उपमुख्यमंत्री केएस ईश्वरप्पा समेत तमाम बड़े नेताओं की मौजूदगी में पार्टी में शामिल किया गया।












Click it and Unblock the Notifications