लोनी घटना में सपा नेता उम्मेद पहलवान पर लगा NSA, सांप्रदायिक तनाव बढ़ाने का आरोप
लखनऊ, 30 जून। समाजवादी पार्टी के नेता उम्मेद पहलवान के खिलाफ यूपी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। उनके खिलाफ लोनी में बुजुर्ग के साथ मारपीट करने और इसके बाद मामले को सांप्रदायिक रंग देने के आरोप में रासुका यानि एनएसए लगा दिया गया है। ऐसे उम्मेद पहलवान को एक साल तक जेल में रहना पड़ सकता है। रासुका लगने के बाद आरोपी को एक साल तक जमानत नहीं मिलती है और हर तीन महीने के बाद कोर्ट इसकी समीक्षा करती है। गौर करने वाली बात है कि लोनी में बुजुर्ग के साथ मारपीट की घटना के बाद उम्मेद पहलवान ने फेसबुक लाइव किया था, आरोप है कि इस फेसबुक लाइव के जरिए उन्होंने पूरे मामले को सांप्रदायिक रंग देने की कोशिश की थी। जिसके बाद सोमवार को यूपी पुलिस ने उनके खिलाफ रासुका लगा दी है।
Recommended Video

उम्मेद पहलवान के खिलाफ 19 जून को गाजियाबाद पुलिस ने लोनी बॉर्डर पुलिस थाने में के दर्ज किया था, जिसके बाद उन्हें दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अमित पाठक ने उस वक्त कहा था कि हम यूपी सरकार से उम्मेद के खिलाफ रासुका लगाने की सिफारिश करेंगे। स्थानीय पुलिसकर्मी ने शिकायत में कहा था कि उम्मेद पहलवान इदरीसी ने अनावश्यक रूप से वीडियो बनाया। इस वीडियो में बुजुर्ग अब्दुल समद ने कुछ युवको पर आरोप लगाया कि उन्होंने उसपर हमला किया है, उसकी दाढ़ी काट ली और जबरन जय श्री राम का नारा लगवाया।
पुलिस ने इस मामले में अभय उर्फ कल्लू और आदिल को भी गिरफ्तार किया था। इस मामले में मुख्य आरोपी प्रवेश गुर्जर का भी नाम सामने आया था। दरअसल इस घटना के बाद उम्मेद पहलवान ने पीड़ित के साथ फेसबुक लाइव किया था और भड़काऊ वीडियो डाली थी। जिसके बाद पुलिस ने उम्मेद को 19 जून को गिरफ्तार कर लिया था। उम्मेद अभी भी जेल में बंद है। ऐसे में रासुका लगने के बाद संभव है कि उसे एक साल तक जेल में रहना पड़े।












Click it and Unblock the Notifications