खुद को पीएम बनाए जाने की राखी बात पर सोनू सूद ने दिया जवाब, बोले-मुझे पीएम नहीं बल्कि..
मुंबई, 12 मई: बॉलीवुड एक्टर सोनू सूद कोरोना संक्रमण और लॉकडाउन के चलते परेशान लोगों की लगातार मदद कर रहे हैं, जिसको लेकर उनकी खूब तारीफ हो रही है। कोरोना में स्वास्थ्य सेवाओं के चरमराने और सोनू सूद के लोगों की मदद की ओर इशारा करते हुए एक दिन पहले राखी सावंत ने कहा था कि उनको पीएम बना दिया जाए। राखी सावंत की ओर से अपने लिए इतनी बड़ी बात कहे जाने के बाद अब सोनू ने इस पर जवाब दिया है।

मैं तो आम आदमी ही ठीक हूं: सोनू
सोनू सूद से बुधवार को सवाल किया गया था कि राखी उनको प्रधानमंत्री बनते देखना चाहती हैं। ऐसे में क्या वो भी राजनीति में आने का इरादा रखे हैं। क्या वह अगला चुनाव लड़ना चाहेंगे। इस पर सोनू ने कहा- जो जहां है, वहां सही है। हम भी आम आदमी ही अच्छे हैं। कम से कम आप लोगों के साथ खड़ा होकर बात तो कर रहा हूं।

राखी ही नहीं वीर दास भी कह चुके सोनू को पीएम बनाने की बात
हाल ही में राखी का एक वीडियो सामने आया है। जिसमें वो कह रही हैं कि वैक्सीन तो बनाने में वक्त लगा लेकिन क्या ऑक्सीजन भी देश में नहीं है? ये नेता ऑक्सीजन के बिना लोगों को मरने दे रहे हैं। मैं तो कहती हूं कि जो कोरोना के इस मुश्किल वक्त में लोगों की मदद कर रहे हैं उन्हें ही प्रधानमंत्री बनाना चाहिए। राखी आगे कहती हैं कि सलमान खान या सोनू सूद को पीएम बना देना चाहिए। कुछ दिन पहले वीरदास ने भी सोनू सूद को लेकर यही कहा था।

सोनू की क्यों हो रही है तारीफ
बीते साल जब कोरोना की शुरुआत हुई और अचानक सरकार ने लॉकडाउन लगा दिया तो लाखों लोग सड़कों पर आ गए। सरकार की तरफ से कुछ ना होने पर जो लोग इन सबकी मदद कर रहे थे, उसमें सोनू सूद का नाम भी अहम है। लॉकडाउन में उन्होंने बहुत से मजदूरों को घर भिजवाया था। इसके बाद भी सोनू लोगों की मदद करते रहे। हाल में कोरोना फिर से बढ़ने के बाद सोनू फिर लोगों की मदद करने में लगे हैं। सोनू लोगों तक हर मुमकिन मदद पहंचाने में लगे हैं।












Click it and Unblock the Notifications