जिस लड़की को एयरलिफ्ट कर भेजा था हैदराबाद, उसकी मौत से टूटे सोनू सूद, बोले- काश उसे बचा पाता
मुंबई, 8 मई: सोनू सूद बीते साल लॉकडाउन होने के बाद से ही लगातार लोगों की मदद करते रहे हैं। हाल के दिनों में कोरोना संक्रमण बढ़ने के बाद भी सोनू लगातार मरीजों तक मदद पहुंचा रहे हैं। बीते महीने सोनू सूद ने नागपुर की रहने वाली भारती नाम की एक लड़की की तबीयत बिगड़ने पर उसे एयरलिफ्ट कर हैदराबाद पहुंचाया था। नागपुर में इलाज के दौरान भारती की मौत हो गई है। भारती की मौत के बाद सोनू सूद ने कहा है कि इस खबर ने उनका दिल तोड़ दिया है।

सोनू बोले- जिंदगी भी कई बार गलत करती है
25 साल की लड़की भारती की मौत के बाद सोनू सूद ने ट्वीट कर लिखा है- नागपुर की लड़की जिसको मैंने एयर एंबुलेंस के जरिए हैदराबाद भेजा था। वह महीने भर से ईसीएमओ मशीन पर अपनी जिंदगी की जंग लड़ती रही। कल देर रात उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। खबर ने मेरा दिल तोड़ दिया है। मैं उसके परिवार के लिए प्रार्थना करता हूं। काश मैं उसे बचा पाता। कई बार जिंदगी बहुत गलत करती है।

सोनू लगातार कर रहे हैं लोगों की मदद
सोनू सूद अपने स्तर पर लगातार जरूरतमंदों की मदद कर रहे हैं। एक तरफ वो मरीजों को बेड ऑक्सीजन मिल जाए, इसके लिए कोशिशें कर रहे हैं तो वहीं गरीबों तक राशन पहुंचाने में भी उनकी टीम लगी है। सोनू सूद की टीम अ तक ऑक्सीजन सिलेंडर जुटाकर कई संक्रमितों की मदद कर चुकी है।

भारत में भयावह होता जा रहा है कोरोना
भारत में कोरोना महामारी का कहर लगातार जारी है। देश में इस समय करीब 4 लाख नए मरीज हर रोज सामने आ रहे हैं। शनिवार को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया है कि देश में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 4,01,078 नए मामले सामने आए हैं. जबकि 4,187 कोविड मरीजों की जान गई है। एक दिन में मौतों का ये सबसे बड़ा आंकड़ा है। देश में कोरोना के एक्टिव मामलों का आंकड़ा अब 37 लाख के पार पहुंच गया है।












Click it and Unblock the Notifications