सोनिया गांधी ने 20 अगस्त को इन विपक्षी दलों की बुलाई मीटिंग, एकजुटता को बनाए रखने की होगी कोशिश
नई दिल्ली, अगस्त 13। कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी ने 20 अगस्त को विपक्षी दलों की एक अहम मीटिंग बुलाई है। इस मीटिंग में टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी, शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे, डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन और JMM के कार्यकारी अध्यक्ष और झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन शामिल होंगे। आपको बता दें कि कांग्रेस की तरफ से बुलाई जा रही ये मीटिंग विपक्षी एकजुटता को बनाए रखने के लिए काफी अहम मानी जा रही है। साथ ही इस मीटिंग को इसलिए भी अहम माना जा रहा है, क्योंकि मानसून सत्र खत्म होने के बाद ये मीटिंग होगी।

सरकार की मोर्चेबंदी जारी रखने पर मीटिंग में होगा विचार
आपको बता दें कि पूरे मानसून सत्र के दौरान तमाम विपक्षी दलों ने कृषि कानून, पेगासस जासूसी मामला और महंगाई के मुद्दे को लेकर केंद्र सरकार को सड़क से लेकर संसद तक घेरा है। इसी मोर्चेबंदी को जारी रखने के लिए सोनिया गांधी ने विपक्षी पार्टियों को एकजुट होने का निमंत्रण गुरुवार को ही भेज दिया था। जानकारी के मुताबिक, ये मीटिंग वर्चुअल तरीके से होगी।
मिशन 2024 को लेकर तैयारी में कांग्रेस?
ये मीटिंग 2024 लोकसभा चुनाव के लिहाज से भी काफी अहम मानी जा रही है। इसके अलावा अगले साल होने वाले यूपी विधानसभा चुनाव के लिए भी कांग्रेस की कोशिश है कि विपक्षी दलों को एकसाथ लेकर बड़ी भूमिका निभाई जाए। आपको बता दें कि इस मीटिंग में ममता बनर्जी भी शिरकत करेंगी। ये हाल फिलहाल में दूसरा मौका होगा, जब ममता और सोनिया गांधी की बातचीत होगी। इससे पहले ममता बनर्जी दिल्ली दौरे पर सोनिया गांधी से मिली थीं, जहां उन्होंने विपक्षी एकता पर ही सभी को एकजुट करने की कोशिश की थी।












Click it and Unblock the Notifications