नीतीश कुमार से ज्यादा अमीर हैं उनके बेटे निशांत, जानिए कितनी संपत्ति के मालिक हैं बिहार के मुख्यमंत्री?
नई दिल्ली- साल 2020 के आखिरी दिन यानि गुरुवार को बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Bihar CM Nitish Kumar) और उनके कैबिनेट के साथियों ने अपनी की संपत्ति का ब्योरा सार्वजनिक किया। इस ब्योरे पर नजर डालने से लगता है कि करीब 15 वर्षों से मुख्यमंत्री रहने के बावजूद नीतीश के कई मंत्री उनसे कहीं ज्यादा अमीर हैं। मजे की बात है कि मंत्री ही नहीं, नीतीश कुमार (Nitish Kumar) के खुद अपने ब्योरे के मुताबिक उनके बेटे निशांत के पास भी पिता से कई गुना ज्यादा संपत्ति है। नीतीश कुमार ने 2010 में ही अपनी कैबिनेट के सभी मंत्रियों के लिए साल के पहले दिन अपनी संपत्ति का ब्योरा सार्वजनिक करना अनिवार्य कर दिया था।

नीतीश कुमार से ज्यादा अमीर हैं उनके बेटे
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Bihar CM Nitish Kumar)ने राज्य सरकार की वेबसाइट पर संपत्ति का जो ब्योरा दिया है, उसके मुताबिक नीतीश कुमार के पास उनके बेटे निशांत से ज्यादा कैश हैं। मसलन, नीतीश के पास 35,885 करोड़ रुपये कैश है तो निशांत के पास सिर्फ 28,297 रुपये हाथ में हैं। लेकिन, जब बात बैंकों में जमा रकम और विभिन्न निवेशों की आती है तो मुख्यमंत्री ने सिर्फ करीब 34,500 रुपये तीन बैंकों में जमा कर रखे हैं। लेकिन, उनके बेटे निशांत के पास यह जमा काफी ज्यादा है। निशांत के पास एक बैंक और एक पोस्ट ऑफिस में 26,145.54 रुपये जमा हैं। लेकिन, उनका विभिन्न बैंकों और बॉन्ड एवं सेविंग स्कीम्स में कुल 1 करोड़ 29 लाख 79 हजार 283 रुपये का निवेश है।

जेवरातों के मामले में भी निशांत ज्यादा धनवान
जेवरातों की बात करें तो नीतीश के पास 20 ग्राम की सोने की दो अंगूठियां हैं और एक मोती लगी हुई चांदी की अंगूठी है, जिनकी कुल कीमत उन्होंने 98,000 रुपये जाहिर की है। गहनों के मामले में भी निशांत (Nishant) अपने पिता से काफी अमीर हैं। उनके पास 30 तोले सोने, 5 किलो चांदी के बर्तन, 5 पीस गिन्नी (Ginni) और 82 चांदी के सिक्के हैं। इनकी कुल कीमत 20,73,500 रुपये बताई है। एक बात गजब है कि एक मामले में नीतीश कुमार के शौक उनके दोस्त और सियासी विरोधी लालू यादव से काफी मिलते हैं। नीतीश ने अपने ब्योरे में मवेशियों का भी ब्योरा दिया है। उन्होंने 12 गायें पाल रखी हैं, जिनकी 6 बछड़े और बछिया हैं। इन जानवरों की कुल कीमत उन्होंने 1,45,000 रुपये बताई है।

नीतीश के पास अपनी कोई जमीन नहीं
अब बात अचल संपत्तियों (सिर्फ जमीन और घर) की करें तो नीतीश कुमार के पास खेती लायक अपनी कोई जमीन नहीं है। लेकिन, निशांत इस मामले में भी पिता से काफी अव्वल हैं। उनके पास नीतीश के पुश्तैनी गांव नालंदा जिले के कल्याणबिगहा में 6 एकड़ से ज्यादा जमीन है, जिनका अनुमानित बाजार मूल्य 1,18,40,500 रुपये है। नीतीश के पास गैर-कृषि योग्य जमीन भी नहीं है, लेकिन निशांत कल्याणबिगहा और पटना के कंकड़बाग में ऐसी जमीन के मालिक हैं। इसमें गांव की जमीन का बाजार भाव 4,20,000 रुपये है, लेकिन पटना की जमीन में ट्रांसफर रुका हुआ इसलिए इसकी लागत कीमत 39,194 रुपये की जानकारी ही दी गई है।

अचल संपत्ति के मामले में भी निशांत ज्यादा अमीर
अब बात रिहायशी इमारतों की करें तो नीतीश के पास दिल्ली के द्वारका में 1,000 वर्ग फीट का एक अपार्टमेंट है, जिसकी अनुमानित मौजूदा कीमत 40,00,000 रुपये बताई गई है। वहीं उनके बेटे के पास कल्याणबिगहा और बख्तियारपुर में आवास हैं, जिनकी कुल अनुमानित कीमत 25,82,000 रुपये बताई गई है। इस तरह से नीतीश कुमार के पास कुल 40,00,000 रुपये की अचल संपत्ति है। वहीं उनके बेटे के पास 1,48,81,694 रुपये की अचल संपत्ति (सिर्फ जमीन और आवास) है।

एक वाहन के भी मालिक हैं नीतीश
बात वाहनों की करें तो मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पास 2015 मॉडल की एक फॉर्ड इकोस्पोर्ट 1.5(डी) टाइटेनियम कार है, जिसकी कीमत उन्होंने 11,32,753 रुपये बताई है। वहीं निशांत के पास हुंडई ग्रैंड आई10 एस्टा ओ कार है, जो कि 2016 की मॉडल है और उसकी कीमत 6,40,789 रुपये है। नीतीश कुमार और उनके बेटे के नाम पर ना तो कोई सरकारी देनदारी है और ना ही कोई बैंक लोन चल रहा है।












Click it and Unblock the Notifications