नशे में धुत बेटे ने अपनी मां को उतारा मौत के घाट, गेहूं की बोरी में छिपाया शव
नई दिल्ली। पंजाब के जालंधर जिले के हरिपुर में एक ऐसी घटना सामने आई है जिसमे नशे की वजह से एक लड़के ने अपनी मां को ही मौत के घाट उतार दिया। नशे में धुत बेटे ने अपनी मां को बेहरहमी से पीट-पीटकर मार डाला और शव को गेंहू के बोरे में भरकर छिपा दिया था। मामले का खुलासा उस वक्त हुआ जब बोरे में रखे शव से दुर्गंध आने लगी। दुर्गंध आने के बाद लोगों ने मामले की जानकारी पुलिस को दी, जिसके बाद महिला का शव बरामद किया गया।

जानकारी के अनुसार महिला का नाम दयाल कौर है। दरअसल आरोपी बेटा धर्मवीर का नशे की हालत में मां से झगड़ा हो गया था, विवाद इतना बढ़ा कि बेटे ने अपनी मां की हत्या कर दी। आदमपुर थाना प्रभारी गोपाल सिंह ने बताया कि घटना के बारे में उन्हें गांव के लोगों ने जानकारी दी, लोगों ने बताया कि गुरदीप सिंह के घर दुर्गंध आ रही है। जब हम मौके पर पहुंचे तो देखा कि कमरे के बाहर ताला लगा है और अंदर से दुर्गंध आ रही है।
पुलिस ने जब घर का ताला तोड़वाया तो उसमे से बोरी के भीतर बुजुर्ग महिला की सड़ी-गली लाश बरामद की गई। जोकि गेहूं के बोरों से ढकी हुई थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। महिला के पति गुरदीप सिंह ने बताया कि धर्मवीर काफी समय से शराब पी रहा है और वह इसका आदि हो गया है, यही वजह है कि उसकी अभी तक शादी नहीं हुई है। इसी बात को लेकर रोज उसकी मां से उसका झगड़ा होता था, कई दिनों तक वह घर भी नहीं आता था। मुझे लगता है इसी तकरार की वजह से उसने मां की हत्या कर दी है।
घटना के बाद पड़ोसियों का कहना है कि धर्मवीर हमेशा नशे में रहता था, उसे आखिरी बार बुधवार को दूध लाते हुए देखा गया था। पुलिस ने बताया कि लाश बुरी तरह से सड़ चुकी थी और उसमे कीड़े पड़ गए थे। शरीर पर काफी चोट के निशान हैं। सूत्रों के अनुसार पुलिस ने धर्मवीर को गिरफ्तार कर लिया है, लेकिन पुलिस ने अभी तक इसकी पुष्टि नहीं की है।












Click it and Unblock the Notifications