सोशल: देशभक्ति के छौंक से फ़िल्म 'बागी-2' की हुई रिकॉर्डतोड़ कमाई?
एक साल पहले कश्मीरी युवक फ़ारुक़ अहमद डार को जीप से बांधकर घुमाने वाले मेजर गोगोई को एक बार फ़िर 'सम्मानित' किया गया है.
गोगोई को पहला सम्मान सेना प्रमुख जनरल बिपिन रावत की ओर से मिला था और दूसरा 'सम्मान' टाइगर श्रॉफ की नई फ़िल्म 'बागी-2' में दिया गया है.
बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्डतोड़ कमाई कर रही 'बागी-2' फ़िल्म में एक सीन है, जिसमें टाइगर श्रॉफ जीप से एक युवक को बांधकर ले जा रहे हैं.
ठीक वैसे ही जैसे मेजर गोगोई ने अप्रैल 2017 में फ़ारुक़ अहमद डार को जीप पर आगे बांधकर कश्मीर में घुमाया था.
कुछ लोग सोशल मीडिया पर फ़िल्म 'बागी-2' के इस हिस्से को रिकॉर्ड करके शेयर कर रहे हैं. शेयर करने वाले कुछ लोग रियल लाइफ में हुई इस घटना को रील लाइफ में देखकर खुशी ज़ाहिर कर रहे हैं.
वीडियो में सुनाई देती आवाज़ें उसी बहस से मिलती हैं, जो डार को जीप पर बांधकर घुमाए जाने के बाद सोशल मीडिया और न्यूज़ चैनलों की कही जाती थीं. इस सीन में जो डॉयलॉग्स हैं, वो कुछ यूं हैं.
- ''ह्यूमन राइट्स का उल्लंघन है ये. गाड़ी को ह्यूमन शील्ड बनाकर बाहर निकाला गया. पत्थर मारने पर इंसान को मार देना ये कौन सा रूल है.
- टाइगर श्रॉफ: पत्थर तक ठीक था सर. उन्हें तिरंगा नहीं जलाना चाहिए था.''
फ़िल्मी देशभक्ति की तारीफ़ें
'बागी-2' के इस सीन को कुछ लोग सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए सहमति जता रहे हैं.
सुमित फ़िल्म के इस सीन की तस्वीर ट्विटर पर शेयर करते हुए लिखते हैं, ''मेजर गोगोई की जय हो. 'बागी-2' रिलीज़ हो गई है और इसमें ये सीन भी है. क्या मुझे कुछ और कहने की ज़रूरत भी है.''
अरिहंत ने ट्वीट किया, ''ईमानदारी से कहूं तो मेरी 'बागी-2' देखने में कोई दिलचस्पी नहीं थी. जिस सीन में मेजर गोगोई को सम्मान दिया गया है और भारतीय सेना. इन दो वजहों से ये फ़िल्म ज़रूरी देखनी चाहिए.''
ऋषि मिश्र लिखते हैं, ''बागी-2' में टाइगर ने वही सीन दोहराया है, जिसे मेजर गोगोई ने रियल लाइफ में किया था. सेक्युलर और लिबरल लोगों को ये देखकर नींद नहीं आएगी.''
https://twitter.com/RishiMishra_/status/979960914261639168
निशा लिखती हैं, ''मैंने सुना है कि 'बागी-2' में मेजर गोगोई वाला सीन है, सिर्फ इस एक सीन के लिए मैं ये फ़िल्म देखने ज़रूर जाऊंगी. ये फ़िल्म बड़ी हिट साबित हो, ऐसी दुआ है.''
ट्विटर हैंडल @burnolwali से लिखा गया, ''वाह, वाह, वाह. 'बागी-2' और टाइगर श्रॉफ की एंट्री ने मेरा दिल चुरा लिया. आप जानते हैं ऐसा क्यों है? क्योंकि पहले सीन में टाइगर श्रॉफ मेजर गोगोई वाले अंदाज़ में नज़र आए हैं.''
https://twitter.com/burnolwali/status/980458717719142400
'बागी-2' की देशभक्ति, रिकॉर्डतोड़ कमाई का कनेक्शन?
एक तरफ जहां 'बागी-2' फ़िल्म को लेकर सोशल मीडिया पर ऐसी चर्चाएं चल रही हैं. वहीं दूसरी तरफ 'बागी-2' जिस वजह से फ़िल्म समीक्षकों को चौंका रही है, वो है बॉक्स ऑफिस पर होने वाली कमाई.
समीक्षकों के मुताबिक़, साल 2018 में रिलीज़ हुई फ़िल्मों में शुरुआती हफ्ते और पहले दिन सबसे ज़्यादा कमाई करने वालों की लिस्ट में 'बागी-2' पहले पायदान पर है.
https://twitter.com/taran_adarsh/status/980681260703014912
फ़िल्म समीक्षक तरण आदर्श ने 'बागी-2' की कमाई को लेकर कई ट्वीट किए हैं. तरण के मुताबिक़, फ़िल्म पूरे भारत में कमाल कर रही है.
- पहले तीन दिन में 'बागी-2' ने कमाए 73 करोड़ रुपये
- शुरुआती हफ्ते में ओवरसीज में कमाए 22 करोड़ रुपये
- रिलीज के पहले दिन 'बागी-2' की कमाई 25 करोड़ रुपये
फ़िल्म पद्मावत को लेकर पूरे देश में प्रदर्शन हुए थे. लेकिन इस फ़िल्म की शुरुआती दिनों की कमाई भी 'बागी-2' से कम रही. 'पद्मावत' गुरुवार को रिलीज हुई थी और इसका एक दिन पहले पेड प्रिव्यू भी रखा गया था.
कितनी स्क्रीन पर रिलीज़ हुई 'बागी-2'
'पद्मावत' की पहले दिन की कमाई 19 करोड़ तक ही थी. 'बागी-2' भारत की 3500 और विदेश में 625 स्क्रीन पर रिलीज की गई है. यानी कुल 4125 स्क्रीन पर.
'बागी-2' फ़िल्म में टाइगर श्रॉफ, मनोज वाजपेयी, रणदीप हुड्डा, दिशा पटानी हैं. फ़िल्म को डायरेक्ट अहमद ख़ान ने किया है. फ़िल्म में टाइगर ने सेना के अफसर का रोल प्ले किया है.
सोशल मीडिया पर सेना के कपड़े पहने, उठी मूंछों और खुद को ग्रांड मास्टर शीफूजी कहलवाने वाले शौर्य भारद्वाज भी हैं.
शीफूजी के वीडियो के हिट्स लाखों में हैं और कुछ मौकों पर रिएलिटी प्रोग्राम्स में देशभक्ति के नारे लगाते भी नज़र आए हैं.
शीफूजी का ताल्लुक आधिकारिक तौर पर सेना से है, इसके प्रत्यक्ष प्रमाण नहीं हैं. शीफूजी को ज़्यादातर लोग देशभक्ति वाले वीडियो में छौंक का काम करते डॉयलॉग्स के लिए जानते हैं.












Click it and Unblock the Notifications