मुजफ्फरपुर शेल्टर होम केस: मंत्री मंजू वर्मा ने दिया इस्तीफा, बोलीं- मेरे पति निर्दोष हैं
Recommended Video

पटना। मुजफ्फरपुर बालिका गृह यौन उत्पीडन कांड में बिहार की समाज कल्याण मंत्री मंजू वर्मा ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उनके इस्तीफे को लेकर काफी समय से दवाब बनाया जा रहा था। बुधवार को ब्रजेश ठाकुर के मुजफ्फरपुर के पास्को कोर्ट में पेश किया गया था। जहां पर ब्रजेश ठाकुर ने मीडिया से बात करते हुए कहा था कि उसकी मंजू वर्मा के पति चंद्रेश्वर वर्मा के साथ बातचीत है।

अपने पद से इस्तीफा देने बाद मंजू वर्मा ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि, मेरे पति को फंसाया जा रहा है। जांच में मेरे पति निर्दोष साबित होंगे। रसूखदार लोगों को इस मामले में बचाया जा रहा है। उन्होंने विपक्ष पर आरोप लगाते हुए कहा कि, उन्हें और उनके पति का नाम विपक्ष साजिश के तहत उछाल रही है। बृजेश ठाकुर की किस किस से बात करता था, उसकी कॉल डीटेल निकाली जाए और सार्वजनिक की जाएं। मैंने सीएम के कहने पर इस्तीफा नहीं दिया है। मैंने मीडिया और विपक्ष द्वारा गुस्से का मौहाल तैयार करने की वजह से इस्तीफा दिया है। मुझे सीबीआई और न्यायालय पर पूरा विश्वास है, सच बाहर आएगा।
बता दें कि मंजू वर्मा के पति चंद्रेश्वर वर्मा का नाम इस मामले में आ रहा था। जिसके चलते विपक्ष लगातार मंजू वर्मा के इस्तीफे की मांग कर रहा था। वहीं सीएम नीतीश कुमार ने भी मामले में मंजू वर्मा का नाम आने पर कहा का था कि अगर वो दोषी पायी जायेंगी तो उन पर कार्रवाई होगी।
वहीं बुधवार को आरोपी ब्रजेश ठाकुर पर कोर्ट परिसर में स्याही फेंकी गई। कोर्ट परिसर में पेशी के दौरान एक महिला ने ब्रजेश ठाकुर पर स्याही फेंकी। इस घटना से पहले जब ब्रजेश ठाकुर को कोर्ट परिसर में लाया गया तो उसने अपनी सफाई पेश करते हुए कहा कि मैं निर्दोष हूं, मेरे खिलाफ एक भी सबूत नहीं हैं। बच्चियों को प्रलोभन दिया गया है। बच्चियों के मेडिकल में बलात्कार की पुष्टि नहीं हुई है।
एक स्थानीय अखबार में छपी रिपोर्ट के मुताबिक ब्रजेश ठाकुर से मंत्री मंजू वर्मा के पति की 17 बार बातचीत हुई थी। ये खुलासा सीडीआर की जांच में हुआ है। इस मामले की जांच फिलहाल सीबीआई कर रही है। सीबीआइ ने ब्रजेश ठाकुर के तीन मोबाइल नंबरों के कॉल्स डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) की जांच की है।
इस जांच में पाया गया कि मंजू वर्मा के पति ब्रजेश ठाकुर के लगातार संपर्क में रहे हैं। इतना ही नहीं, उन्होंने ब्रजेश ठाकुर के साथ कई बार दिल्ली यात्रा भी की थी।












Click it and Unblock the Notifications