'ऐसी है जिंदगी...', अमेठी से हार पर छलका स्मृति ईरानी का दर्द, जीतने वाले कांग्रेस नेता के लिए कही ये बात
Amethi Lok Sabha Chunav 2024 Smriti Irani : उत्तर प्रदेश की अमेठी लोकसभा सीट इस बार सबसे ज्यादा चर्चाओं में रही है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी को हराने वाली अमेठी लोकसभा सीट से भाजपा की उम्मीदवार स्मृति ईरानी की इस चुनाव में बड़ी हार हुई है।
स्मृति ईरानी एक लाख 67 हजार वोटों से हार गई हैं। कांग्रेस उम्मीदवार किशोरी लाल की अमेठी से बड़ी जीत हुई है। इतनी बुरी हार के बाद भी मीडिया के सामने आकर ईरानी ने जनादेश को स्वीकार किया है। स्मृति ईरानी ने किशोरी लाल को जीत को बधाई दी है।

ये भी पढ़ें- Amethi Chunav Result 2024: अमेठी से स्मृति ईरानी की बुरी हार, कांग्रेस के किशोरी लाल लाखों वोट से जीते
अमेठी लोकसभा सीट हार पर स्मृति ईरानी ने कहा, "...मैं भाजपा पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं और समर्थकों का आभार व्यक्त करती हूं, जिन्होंने पूरी लगन और निष्ठा के साथ इस क्षेत्र और पार्टी की सेवा में काम किया है। आज मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की आभारी हूं कि उनकी सरकारों ने 30 साल के लंबित कामों को सिर्फ 5 साल में पूरा कर दिया है। मैं जीतने वालों को बधाई देती हूं। मैं अमेठी के लोगों की सेवा में लगी रहूंगी...।''
ये भी पढ़ें- Maharashtra Lok Sabha Chunav Result 2024: महाराष्ट्र की 48 सीटों पर कौन सी पार्टी सबसे आगे? एक क्लिक में देखें
स्मृति ईरानी ने कहा- 'जोश अभी भी हाई है'
स्मृति ईरानी ने ट्वीट कर कहा,
''ऐसी है जिंदगी... एक दशक से भी ज्यादा समय मैंने एक गांव से दूसरे गांव जाकर लोगों की जिंदगी संवारने, उम्मीदों और आकांक्षाओं को संजोने, बुनियादी ढांचे पर काम करने में बिताया है, सड़कें, नालियां, खड़ंजा, बाईपास, मेडिकल कॉलेज और भी बहुत कुछ किया...। जो लोग हार और जीत के दौरान मेरे साथ खड़े रहे, मैं उनका हमेशा आभारी रहूंगी। आज जश्न मनाने वालों को बधाई। और जो लोग पूछ रहे हैं, "How's the josh?" मैं उनकी कहना चाहती हूं,- अभी भी जोश हाई है, सर।''












Click it and Unblock the Notifications