सिक्किम में सेना के 8 जवानों के निधन पर आर्मी चीफ ने जताया दुख, सभी रैंक के अधिकारियों ने भी व्यक्त की संवेदना
भारतीय सेना ने सिक्किम में हिमानी झील के फटने से अचानक आई बाढ़ की दुर्भाग्यपूर्ण घटना में भारतीय सेना के 8 जवानों के दुखद निधन पर संवेदना व्यक्त किया है। भारतीय सेना ने कहा कि दुख की इस घड़ी में हम शोक संतप्त परिवारों के साथ मजबूती से खड़े हैं।
सीओएएस और भारतीय सेना के सभी रैंकों ने भी इस दुखद घटना में नागरिक जीवन की हानि पर दुख व्यक्त किया। शेष 14 लापता सैनिकों और अन्य नागरिकों का पता लगाने और उन्हें बचाने के लिए ठोस खोज और बचाव प्रयास जारी हैं।

इस आपदा से प्रभावित स्थानीय आबादी को सुरक्षा, राहत और सहायता प्रदान करने की दिशा में भारतीय सेना के प्रयास पहले की तरह जारी रहेंगे। जान-माल की अपूरणीय क्षति के बावजूद, भारतीय सेना सभी आकस्मिकताओं के लिए प्रतिबद्ध और तैयार है।
बता दें कि सिक्किम में बाढ़ के बाद लापता हुए सैनिकों के एक समूह में शामिल आठ सैन्यकर्मियों के शव शनिवार को मिल गए। जिसकी जानकारी रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने खुद दी। एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर एक पोस्ट में, राजनाथ सिंह ने कहा कि वह अचानक आई बाढ़ में जानमाल के नुकसान से बहुत दुखी हैं। राजनाथ सिंह ने कहा कि सिक्किम में हिमानी झील के फटने से हाल ही में आई बाढ़ में आठ सैन्यकर्मियों सहित बहुमूल्य जिंदगियों की दुखद क्षति से बहुत दुखी हूं। उन्होंने कहा कि 23 लापता सैनिकों में से एक को बचा लिया गया, जबकि आठ बहादुर सैनिकों के शव बरामद कर लिए गए।












Click it and Unblock the Notifications