डोनाल्ड ट्रंप का कार्यक्रम कश्मीर में कराए सरकार, सबको पता चलेगा वहां सब सामान्य: सिद्धारमैया
नई दिल्ली। कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता सिद्धारमैया ने कहा है कि भाजपा अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का कार्यक्रम कश्मीर में भी कराए। जिससे सबको पता चल जाए कि वहां स्थिति सामान्य है। सोमवार को सिद्धारमैया ने कहा, भाजपा अगर कहती है कि कश्मीर में सब सामान्य है और वहां कोई हिंसा की घटना नहीं हो रही है। ऐसा है तो ये समय कश्मीर में डोनाल्ड ट्रंप का कार्यक्रम आयोजित करके साबित करने का है।

केंद्र की मोदी सरकार ने बीते साल अगस्त में अनुच्छेद 370 को हटाटे हुए कश्मीर का विशेष राज्य का दर्जा खत्म कर दिया था। इसके बाद से भाजपा और केंद्र सरकार लगातार वहां स्थिति सामान्य होने की बात कहती रही है जबकि विपक्ष इस पर सवाल उठाता रहा है। कश्मीर में बीते साल अगस्त से ही संचार साधनों पर पाबंदियां हैं और मुख्यधारा के ज्यादातर नेता हिरासत में हैं। इसी को लेकर विपक्ष लगातार सरकार पर सवाल उठाता रहा है, विपक्षी नेताओं का कहना है कि अगर सब ठीक है तो वहां नेताओं के रिहा क्यों नहीं किया जा रहा है।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप सोमवार को दो दिन के दौरे पर भारत पहुंचे हैं। ट्रंप के साथ उनकी पत्नी मेलानिया और बेटी इवांका भी भारत पहुंची हैं। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और परिवार सोमवार दोपहर को अहमदाबाद पहुंचा। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के अहमदाबाद, आगरा और दिल्ली में कार्यक्रम हैं। अहमदाबाद में आयोजित कार्यक्रमों में शिरकत करने के बाद डोनाल्ड ट्रंप अपनी पत्नी मेलानिया ट्रंप के साथ ताजमहल देखने के लिए आगरा पहुंचे हैं।
25 फरवरी को ट्रंप दिल्ली में राष्ट्रपति भवन पहुंचेंगे, यहां उनका स्वागत समारोह होगा। इसके बाद वो राजघाट पर जाएंगे। इसके बाद द्विपक्षीय कार्यक्रम के लिए ट्रंप हैदराबाद हाउस पहुंचेंगे। ट्रंप अमेरिकी दूतावास आएंगे। मंगलवार रात को ट्रंप दौरा पूरा कर लौट जाएंगे।












Click it and Unblock the Notifications