Shraddha Murder Case : आफताब का आज हो सकता है पॉलीग्राफ टेस्ट, दिल्ली पुलिस ने FSL से किया संपर्क
लिव-इन पार्टनर श्रद्धा वॉकर की हत्या कर उसके शव के 35 टुकड़े करने वाले आरोपी आफताब पूनावाला की पुलिस हिरासत 4 दिनों के लिए और बढ़ा दी गई है। दिल्ली पुलिस की कई टीमें श्रद्धा के शव के टुकड़ों समेत अपराध में इस्तेमाल हथियार को बरामद करने में जुटी हुई हैं। इस मामले में आज आफताब का पॉलीग्राफ टेस्ट हो सकता है। दिल्ली पुलिस की टीम ने FSL से संपर्क किया है। बता दें, दिल्ली पुलिस की टीम महाराष्ट्र के वसई और उत्तराखंड में सबूत खंगालने के लिए पहुंची हुई है।

श्रद्धा हत्याकांड की जांच दिल्ली पुलिस से सीबीआई को सौंपे जाने का आग्रह करने वाली एक जनहित याचिका की सुनवाई के दौरान दिल्ली पुलिस ने हाईकोर्ट को बताया कि इस मामले में 80 फीसदी जांच पूरी हो चुकी है। दिल्ली पुलिस ने कोर्ट को बताया कि श्रद्धा हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने के लिए अतिरिक्त पुलिस आयुक्त, एसीपी (साइबर सेल) और 200 पुलिस अधिकारियों की एक टीम जांच में शामिल हैं। सुनवाई के दौरान मुख्य न्यायाधीश सतीश चंद्र शर्मा और न्यायमूर्ति सुब्रह्मण्यम प्रसाद की पीठ ने कहा कि यह प्रचार हित याचिका है और याचिका में एक भी सही आधार नहीं है।
दरअसल, याचिका में आरोप लगाया गया था कि जिन स्थानों से शव के टुकड़े बरामद हुए हैं वहां मीडिया और लोगों की मौजूदगी के कारण सबूतों से छेड़छाड़ हुई। याचिका में आरोप लगाया गया कि दिल्ली पुलिस ने अपनी जांच के हर कदम पर मीडिया को जानकारी दी और कानून में इसकी मंजूरी नहीं है।
आफताब को मंगलवार को दिल्ली की साकेत कोर्ट ने विशेष सुनवाई के लिए पेश किया गया था। इस दौरान आफताब ने कहा कि गुस्से में उससे यह हत्या हो गई। आफताब ने कहा, 'मैं इस पूरी जांच में पुलिस की मदद कर रहा हूं। मुझे पूरी घटना को याद करने में दिक्कत हो रही है।'












Click it and Unblock the Notifications