श्रद्धा मर्डर केस: आफताब के नार्को टेस्ट को मंजूरी, 5 दिनों की रिमांड भी बढ़ी
श्रद्धा मर्डर केस में आरोपी आफताब लगातार पुलिस को गुमराह कर रहा था, जिस वजह से दिल्ली पुलिस उसका नार्को टेस्ट करवाना चाहती थी। उसकी मांग को स्थानीय अदालत ने स्वीकार कर नार्को-एनालिसिस टेस्ट की अनुमति दे दी। इसके अलावा आरोपी की हिरासत को भी पांच दिनों के लिए बढ़ा दिया गया। वहीं कोर्ट में वकीलों ने प्रदर्शन करते हुए उसे फांसी देने की मांग की। पुलिस को पेशी के दौरान उस पर हमले का डर था, इस वजह से वो वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सुनवाई से जुड़ा।

दरअसल आफताब को पिछले शुक्रवार को गिरफ्तार किया गया था। उस वक्त कोर्ट ने उसे पांच दिन की रिमांड पर भेजा, जो आज (गुरुवार) खत्म हो गई। ऐसे में आज की सुनवाई के दौरान पुलिस ने उसकी हिरासत बढ़ाने का अनुरोध किया। साथ ही बताया कि उसने कई अहम जानकारियां अभी नहीं दी हैं। श्रद्धा का फोन, शरीर काटने वाला हथियार अभी नहीं बरामद हुआ।
वहीं दिल्ली पुलिस के पास आफताब का एक कबूलनामा है, जो अभी तक कोर्ट के सामने पेश नहीं किया गया। एक्सपर्ट के मुताबिक जब तक उसे जज के सामने पेश नहीं किया जाता या हत्या में इस्तेमाल हथियार बरामद नहीं होता, तब तक आफताब को कड़ी सजा दिलाने में दिक्कत होगी। वहीं सुनवाई से पहले बड़ी संख्या में वकील कोर्ट में इकट्ठा हो गए और आफताब के खिलाफ प्रदर्शन करना शुरू कर दिया। साथ ही उन्होंने "जिहादी को फांसी दो" के नारे लगाए।
वारदात वाले कपड़े नहीं मिले
दिल्ली पुलिस आफताब को उस जंगल में ले गई थी, जहां पर उसने श्रद्धा के शव को ठिकाने लगाया था। वहां पर कुछ टुकड़े बरामद हुए हैं, जिनका डीएनए टेस्ट किया जा रहा। हालांकि अभी भी शव के बहुत से हिस्से मिलने बाकी हैं। पुलिस को श्रद्धा और आफताब के वो कपड़े भी नहीं मिले, जो उन्होंने वारदात के वक्त पहने थे।












Click it and Unblock the Notifications