दिल्ली: कराने आए थे सिर की चोट का इलाज, डॉक्टरों ने कर दिया पैर का ऑपरेशन
नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के एक सरकारी अस्पताल में घोर लापरवाही का मामला सामने आया है। एक वरिष्ठ डॉक्टर ने मरीज की टांग का ऑपरेशन कर दिया, लेकिन डॉक्टर को मरीज के सिर का इलाज करना था। ये घटना गुरुवार की है जब दिल्ली के सिविल लाइन्स में स्थित सुश्रुत ट्रॉमा सेंटर में एक मरीज सिर की चोट के इलाज के लिए पहुंचा। अस्पताल की इस लापरवाही से हर कोई हैरान है।

अस्पताल का कहना है कि अस्पताल में एक मरीज सिर में लगी चोट के इलाज के लिए भर्ती था और वहीं एक दूसरा मरीज भी पैर की हड्डी टूट जाने की वजह से अस्पताल में आया था। गलती से डॉक्टरों ने सिर की चोट वाले मरीज को पैर की हड्डी वाला मरीज समझ लिया।
जिसके बाद डॉक्टर ने मरीज की दाहिनी टांग के भीतर पिन डालने के लिए उसमें छेद भी कर दिया। इस घटना के बाद डॉक्टर अजय बहल ने कहा, वरिष्ठ रेजीडेंट डॉक्टर ने मरीज को बेहोश करने के बाद ऑपरेशन की प्रक्रिया को अंजाम दिया, इसलिए मरीज को इस बारे में पता नहीं लगा।
जब मरीज का ऑपरेशन किया जा रहा था तभी डॉक्टरों की गलती के बारे में दूसरे डॉक्टरों को पता चला। अस्पताल के डॉक्टर का कहना था कि 'मामले की जांच के लिए एक समिति बनाई गई जिसने डॉक्टर की गलती पाई। तत्काल प्रभाव से बिना निगरानी के उसके ऑपरेशन करने पर रोक लगा दी गई है।'
यह भी पढ़ें- पुलवामा के त्राल में आतंकियों और सेना के बीच एनकाउंटर जारी, एक जवान घायल












Click it and Unblock the Notifications