किसान आंदोलन: सीएम शिवराज सिंह चौहान के बाद अब ज्योतिरादित्य सिंधिया करेंगे सत्याग्रह
ज्योतिरादित्य सिंधिया ने ऐलान किया है कि वह 14 जून से 72 घंटे का सत्याग्रह शुरू करने वाले हैं।
भोपाल। इस समय किसान आंदोलन के नाम पर जमकर राज्य में राजनीति हो रही है, अन्नदाता के नाम पर एक-दूसरे को लेकर दोषा-रोपण करने वाली राजनैतिक पार्टियां कोई मौका नहीं छोड़ रही हैं, खुद को किसानों को मसीहा साबित करने में।

ताजा प्रकऱण में अब किसानों पर गोलीबारी के मुद्दे पर कांग्रेस ने बड़ा दांव खेलते हुए शिवराज सरकार को घेरने के लिए राज्य के लोकप्रिय और कद्दावर नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया को इस दंगल में उतारा है।
14 जून से 72 घंटे का सत्याग्रह
सिंधिया ने ऐलान किया है कि वह 14 जून से 72 घंटे का सत्याग्रह शुरू करने वाले हैं और वो किसानों को उनका हक और इंसाफ दिलाने के लिए कुछ भी करने को तैयार हैं, सिंधिया अपने सत्याग्रह की शुरुआत भोपाल से करेंगे और सत्याग्रह से पहले वो 13 जून को मंदसौर जाकर पीड़ित परिवारों से मुलाकात भी करेंगे।
सीएम शिवराज सिंह चौहान खुद उपवास पर
मालूम हो कि किसानों के लिए खुद मध्य प्रदेश के सीएम शिवराज सिंह चौहान भोपाल के दशहरा मैदान में उपवास पर बैठे हुए हैं, आज उनके उपवास का दूसरा दिन है। इससे पहले कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी भी मध्य प्रदेश का दौरा कर फायरिंग में मारे गए किसानों के परिजनों से मिल चुके हैं।
पुलिस फायरिंग में पांच किसानों की मौत
गौरतलब है कि छह जून को मंदसौर जिले में किसान आंदोलन के दौरान प्रदर्शनकारियों पर पुलिस द्वारा की गई फायरिंग में पांच किसानों की मौत हो गई थी। इसके अलावा छह अन्य किसान घायल भी हो गए थे। इसके बाद किसान भड़क गये और किसान आंदोलन पूरे प्रदेश में फैल गया। आंदोलन ने हिंसक रूप भी ले रखा है।












Click it and Unblock the Notifications