हालिया रेल हादसों और बुलेट ट्रेन पर शिवसेना ने मोदी सरकार को घेरा, जानिए क्या कहा
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ड्रीम प्रोजेक्ट बुलेट ट्रेन को लेकर शिवसेना ने निशाना साधा है। शिवसेना की ओर से हाल के दिनों में हुई रेल दुर्घटनाओं पर सवाल खड़ा किया गया है। पार्टी के मुखपत्र सामना में शिवसेना ने मोदी सरकार पर बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट को पीछे छोड़कर, मौजूदा रेल यातायात में सुधार पर फोकस करने की नसीहत दी है। इतना ही नहीं शिवसेना की ओर से तंज में कहा गया है कि 'चला मुरारी हीरो बनने' की तर्ज पर 'चला मुरारी बुलेट ट्रेन शुरू करने' का सपना अच्छा हो सकता है।

सामना के सम्पादकीय में मोदी सरकार को घेरा
शिवसेना के मुखपत्र 'सामना ' के संपादकीय में हालिया रेल हादसों को लेकर टिप्पणी की गई है। इसमें कहा गया है कि हमारे देश में रोज रेल हादसे होते हैं। इसमें कई लोगों की मौत होती है और कई घायल भी होते हैं। दूसरी ओर से सरकार बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट की ओर बढ़ रही है। केंद्र सरकार की योजना जापान सरकार के सहयोग से बुलेट ट्रेन चलाने की है।
शिवसेना के मुखपत्र 'सामना' के संपादकीय में आगे कहा गया है कि 'चला मुरारी हीरो बनने' की तर्ज पर ही 'चला मुरारी बुलेट ट्रेन शुरू करने' का सपना अच्छा हो सकता है। हालांकि इससे पहले मौजूदा ट्रेनों को ठीक ढंग से संचालित करें। प्लेटफॉर्म पर सफाई, रेलवे का खाना जैसी बातों पर ध्यान देना चाहिए। आपको बता दें कि शिवसेना ने ये आलोचना हाल में हुए उत्कल कलिंग एक्सप्रेस हादसे और कैफियत एक्सप्रेस हादसे को लेकर की है। लगातार हुए रेल हादसों पर रेल मंत्री सुरेश प्रभु ने पीएम मोदी से इस्तीफे की पेशकश भी की है। हालांकि पीएम मोदी ने उन्हें अभी इंतजार करने को कहा है।









Click it and Unblock the Notifications