उद्धव का दावा- संघ ने किया संपर्क, आरएसएस ने किया खंडन
मुंबई। महाराष्ट्र के राजनीतिक समीकरण पल-पल बदल रहे हैं। शनिवार सुबह किए गए सियासी उलटफेर के बाद महाराष्ट्र में देवेंद्र फडणवीस और अजित पवार को विधानसभा में बहुमत परीक्षण करने के लिए हर संभव कोशिश कर रहे हैं। वहीं दूसरी ओर कांग्रेस, एनसीपी और शिवसेना अपने विधायकों को संभालने में जुटी हुई है। इसी बीच शिवसेना चीफ उद्धव ठाकरे ने दावा किया है कि, संघ ने उनसे संपर्क किया था।

हम काफी आगे निकल चुके हैं: उद्धव
नेटवर्क 18 की रिपोर्ट के मुताबिक, उद्धव ठाकरे ने रविवार को मुंबई स्थित होटल ललित में शिवसेना विधायकों को संबोधित करते हुए कहा कि संघ ने हमसे फिर संपर्क किया है। लेकिन अब बहुत देर हो चुकी है और हम काफी आगे निकल चुके हैं। विधायकों के साथ बैठक में उन्होंने कहा कि शरद पवार को हम पर भरोसा है और हमें शरद पवार पर भरोसा है। उद्धव ठाकरे ने कहा कि कांग्रेस हमारे साथ है और हम तीनों मिलकर ये लड़ाई जीतेंगे।

आरएसएस ने किया खंडन
उद्धव ठाकरे के बयान के बाद अब आरएसएस ने उद्धव ठाकरे से संपर्क साधने के उनके दावे का खंडन किया है। एबीपी न्यूज के मुताबिक, आरएसएस ने कहा है कि उद्धव ये बातें माहौल बनाने के लिए कर रहे हैं। आरएसएस ने कहा, 'उसने उद्धव से ये बातें बहुत पहले कही थीं और अब उद्धव शरद पवार को खुश करने के लिए ऐसा बोल रहे हैं उद्धव, वह सिर्फ माहौल बनाने के लिए ऐसा बोल रहे हैं।

अजित पवार के रीट्वीट ने फैलाया भ्रम
इसी बीच अजित पवार ने रविवार को ट्वीट कर कहा कि वह एनसीपी में हैं और एनसीपी में ही रहेंगे। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि शरद पवार साहब उनके नेता हैं। उन्होंने यह भी कहा कि बीजेपी-एनसीपी गठबंधन महाराष्ट्र में अगले पांच साल के लिए स्थायी सरकार देगी।












Click it and Unblock the Notifications