शिमला समेत हिमाचल के इन इलाकों में झमाझम बारिश ने लू से दी राहत, बैंगलोर में पड़े ओले
नई दिल्ली, मई 01। उत्तर भारत के कई राज्य इस वक्त प्रचंड गर्मी का सामना कर रहे हैं। राजधानी दिल्ली में इसबार अप्रैल के महीने की गर्मी ने 72 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। मैदानी इलाकों के साथ-साथ पहाड़ों में भी गर्मी अपना रौद्र रूप दिखा रही है। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में पिछले 1-2 दिनों से लू चल रही थी, जिससे रविवार को राहत मिल गई। दरअसल, रविवार शाम को शिमला समेत कई हिस्सों में झमाझम बारिश हुई, जिससे कि तापमान में गिरावट आई।

शिमला में सीजन का सबसे गर्म दिन था आज
आपको बता दें कि शिमला के अलावा हिमाचल प्रदेश के कई अन्य हिस्सों में भी बारिश हुई है, जिसके बाद मौसम ने करवट ले ली है। दिन में गर्मी का सामना कर रहे लोगों को राहत मिल गई है। आपको बता दें कि शिमला में रविवार का दिन इस सीजन का सबसे गर्म दिन रहा। यहां अधिकतम तापमान 31.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
इन इलाकों में जारी रहेगी बारिश
मौसम विभाग के मुताबिक, शिमला और आसपास के इलाकों में आने वाले 4-5 दिनों तक बारिश जारी रहने की संभावना है। जिन हिस्सों में बारिश हो सकती है उनमें सोलन, सिरमौर, मंडी, कुल्लू, चंबा और किन्नौर के साथ-साथ लाहौल स्पीति भी शामिल है। इसके अलावा ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर और कांगड़ा में भी अगले 1-2 दिन बारिश हो सकती है।
बैंगलोर में पड़े ओले
आपको बता दें कि हिमाचल के अलावा कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में भी रविवार को भारी बारिश और ओलावृष्टि हुई। मौसम विभाग ने कर्नाटक की राजधानी में अगले तीन दिनों के लिए 'भारी बारिश' की भविष्यवाणी की है। बेंगलुरु में भारी बारिश के बीच लोगों को भीषण गर्मी से थोड़ी राहत मिली है। हालांकि लोगों को बिजली कटौती का सामना करना पड़ रहा है। शहर के कई हिस्सों में बिजली कटौती हुई है।












Click it and Unblock the Notifications