Shibu Soren Family: शिबू सोरेन का राजनीतिक परिवार, एक बेटा CM, जानिए क्या करते हैं बाकी बेटे और बेटी?
Shibu Soren Family: झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री, झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के संस्थापक शिबू सोरेन का 81 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। वे दिल्ली के सर गंगा राम अस्पताल में लंबे समय से भर्ती थे। अंतिम दिनों में उनकी हालत काफी नाजुक हो गई थी। उनके बेटे और झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने उनकी मृत्यु की जानकारी देते हुए लिखा, ''प्रिय दिशोम गुरु अब नहीं रहे। मैंने सब कुछ खो दिया।''
शिबू सोरेन ने अपने चार दशकों से अधिक लंबे राजनीतिक करियर में आठ बार लोकसभा और दो बार राज्यसभा में प्रतिनिधित्व किया। वे झारखंड आंदोलन के प्रमुख चेहरों में से एक रहे और 2000 में झारखंड राज्य के गठन में उनकी अहम भूमिका थी। शिबू सोरेन के पिता का नाम शोबरन मांझी था, उन्होंने संथाल आदिवासियों को महाजनों से मुक्ति दिलाने का आंदोलन शुरू किया था। शिबू सोरेन की शादी रूपी किस्कू से हुई थी। उनके तीन बेटे -दुर्गा सोरेन, हेमंत सोरेन और बसंत सोरेन और एक बेटी अंजनी सोरेन हैं।

उनके बेटे हेमंत सोरेन वर्तमान में झारखंड के मुख्यमंत्री हैं और इससे पहले भी जुलाई 2013 से दिसंबर 2014 तक मुख्यमंत्री रह चुके हैं। बड़े बेटे स्व. दुर्गा सोरेन 1995 से 2005 तक जामा विधानसभा क्षेत्र से विधायक रहे। दुर्गा की पत्नी, सीता सोरेन भी जामा से विधायक रह चुकी हैं, हालांकि अब वे भाजपा में शामिल हो चुकी हैं।
शिबू सोरेन के छोटे बेटे बसंत सोरेन झारखंड मुक्ति मोर्चा की युवा इकाई "झारखंड युवा मोर्चा" के अध्यक्ष हैं और वर्तमान में दुमका से विधायक और झारखंड कैबिनेट में मंत्री भी हैं। आइए अब विस्तार से जानते हैं कि उनके बच्चे कहां हैं और क्या कर रहे हैं।
Shibu Soren Family Tree: शिबू सोरेन के परिवार में कौन-कौन?
🔴 1. हेमंत सोरेन (मुख्यमंत्री, झारखंड)
हेमंत सोरेन (जन्म: 10 अगस्त 1975) वर्तमान में झारखंड के मुख्यमंत्री हैं। वे इससे पहले 2013-14 और 2019 से 2024 तक मुख्यमंत्री रह चुके हैं। हेमंत झारखंड मुक्ति मोर्चा के अध्यक्ष भी हैं। उन्होंने बरहेट विधानसभा सीट से चुनाव जीतकर विधानसभा में प्रवेश किया और दुमका सीट से भी दो बार विधायक रहे हैं।
उन्होंने उपमुख्यमंत्री और विपक्ष के नेता के तौर पर भी भूमिका निभाई है। हेमंत शिबू सोरेन के मंझले बेटे हैं और बड़े भाई दुर्गा की मौत के बाद राजनीति में आए थे।

🔴 2. दुर्गा सोरेन (पूर्व विधायक, स्वर्गीय)
दुर्गा सोरेन (1970 - 2009) शिबू सोरेन के सबसे बड़े बेटे थे। वे जामा विधानसभा सीट से 1995 से 2005 तक विधायक रहे। उनकी पत्नी सीता सोरेन भी जामा से विधायक रही हैं और अब भाजपा में शामिल हो चुकी हैं। दुर्गा सोरेन की मृत्यु 2009 में उनके बोकारो स्थित आवास पर नींद में ही हो गई थी। बताया गया था कि उनकी मौत ब्रेन हैमरेज से हुई थी। वे अपने पीछे तीन बेटियों और पत्नी को छोड़ गए। हालांकि उनकी मौत असमय और संदेहास्पद स्थितियों में हुई थी।
21 मई 2009 को दुर्गा सोरेन की अचानक और संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने पूरे देश का ध्यान खींचा था। वह बोकारो सिटी स्थित अपने घर में मृत पाए गए थे। डॉक्टरों की रिपोर्ट में बताया गया कि 39 वर्षीय दुर्गा की मृत्यु किडनी फेल होने के कारण हुई। साथ ही यह भी सामने आया कि दुर्गा अत्यधिक शराब का सेवन करते थे और कई गंभीर बीमारियों से भी ग्रसित थे। हालांकि उनकी मौत के कारणों को लेकर कई सवाल आज भी चर्चा में हैं।
🔴 3. बसंत सोरेन (मंत्री, झारखंड सरकार)
बसंत सोरेन झारखंड सरकार में वर्तमान में सड़क निर्माण, भवन एवं जल संसाधन मंत्री हैं। वे दुमका विधानसभा सीट से विधायक हैं और झारखंड मुक्ति मोर्चा की युवा शाखा के अध्यक्ष भी हैं। वे शिबू सोरेन के सबसे छोटे बेटे और हेमंत सोरेन के छोटे भाई हैं।
🔴 4. अंजनी सोरेन (राजनीतिक उम्मीदवार)
अंजनी सोरेन, शिबू सोरेन की बेटी हैं। उन्होंने 2024 लोकसभा चुनाव में ओडिशा की मयूरभंज (ST) सीट से JMM की उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ा था। चुनाव शपथपत्र के अनुसार अंजनी ने 12वीं तक की पढ़ाई की है और HPCL की कमीशन एजेंट व सोशल वर्कर हैं। उनकी कुल संपत्ति ₹3.7 करोड़ और देनदारी ₹62 लाख है। उनकी वार्षिक आय ₹8.8 लाख घोषित की गई है और उनके खिलाफ कोई आपराधिक मामला लंबित नहीं है।
🔴 5. कल्पना सोरेन (शिबू सोरेन की बहु)
कल्पना सोरेन (जन्म 3 मार्च 1985) झारखंड राज्य की एक भारतीय राजनीतिज्ञ हैं। उन्होंने 2024 में गंडेय विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में जीत हासिल की थी। कल्पना सोरेन झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी हैं। कल्पना मुर्मू सोरेन ने 4 मार्च 2024 को राजनीति में कदम रखा, जब उनके पति हेमंत सोरेन को 31 जनवरी को प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने गिरफ्तार किया था। उन्होंने 2024 के आम चुनाव में झारखंड मुक्ति मोर्चा की राजनीतिक प्रचार मुहिम में सक्रिय रूप से भाग लिया।
शिबू सोरेन का परिवार आज भी झारखंड की राजनीति में अहम भूमिका निभा रहा है और उनकी विरासत को उनके बेटे और बेटी अपने-अपने तरीके से आगे बढ़ा रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications