महिला क्यों नहीं? : शत्रुघ्न सिन्हा ने ममता बनर्जी को बताया पीएम का चेहरा, 2024 के लिए विपक्ष से दिया नाम
अभिनेता से नेता बने शत्रुघ्न सिन्हा ने 2024 के लोकसभा चुनाव के लिए विपक्ष की ओर से पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को प्रधानमंत्री के उम्मीदवार के तौर पर नाम पेश कर दिया है। मुंबई में होने वाली विपक्षी दलों की बैठक से पहले टीएमसी सांसद का ऐसा कहना बहुत बड़ा सियासी संकेत दे रहा है।
बीजेपी छोड़कर कांग्रेस के रास्ते ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस में आए 'बिहारी बाबू' का कहना है कि ऐसे समय में जब एक महिला राष्ट्रपति हैं, महिला प्रधानमंत्री का भी होना देश के लिए बहुत अच्छा होगा। 2024 के चुनाव के लिए शत्रुघ्न सिन्हा का यह बयान राष्ट्रीय राजनीति के लिए चाहे जितना मायने रखता हो, लेकिन विपक्षी इंडिया गठबंधन के अंदर इससे खलबली पैदा होने की संभावना है।

शत्रुघ्न सिन्हा ने पीएम उम्मीदवार के तौर पर पेश किया ममता का चेहरा
टीएमसी सांसद ने कहा है, 'यह देश के लिए बहुत अच्छा होगा कि ऐसे समय में जब हमारे पास राष्ट्रपति के रूप में एक महिला हैं, हमारे पास प्रधानमंत्री के रूप में भी एक महिला हो। ममता बनर्जी जैसी जनाधार वाली फायरब्रांड नेता इस भूमिका में फिट बैठेंगी।'
हमारे पास प्रतिभा की कोई कमी नहीं है-शत्रुघ्न सिन्हा
हालांकि, ममता बनर्जी का नाम आगे बढ़ाने के साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि 'प्रधानमंत्री कौन होगा, यह फैसला उचित समय पर लिया जाएगा। मेरा कहना ये है कि इंडिया में (विपक्षी गठबंधन में) हमारे पास प्रतिभा की कोई कमी नहीं है।'
एनडीए में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अलावा कोई नहीं- टीएमसी सांसद
न्यूज एजेंसी पीटीआई को दिए एक इंटरव्यू में उन्होंने ये भी दावा किया कि 'हमारे पास राहुल गांधी के रूप में यूथ आइकन हैं, जिनमें देश अपना भविष्य देखता है। हमारे पास आधुनिक समय के चाणक्य- शरद पवार हैं। और बेशक हमारे पास जनाधार वाली फायरब्रांड नेता ममता बनर्जी हैं। इसके विपरीत बीजेपी की अगुवाई वाले एनडीए में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अलावा कोई नहीं है।'
बीजेपी और पीएम मोदी पर कसा तंज
उन्होंने बीजेपी पर यह कहकर निशाना साधा कि 'उसे अपनी चिंता करनी चाहिए।' उन्होंने तंज भरे लहजे में सवाल किया कि 'पीएम कहते रहते है कि वे एक फकीर हैं, जो अपना झोला उठाएंगे और चल देंगे। अगर वे वास्तव में ऐसा करते हैं, तो बीजेपी ये कैसे सुनिश्चित करेगी कि उसकी सत्ता इसी तरह से चलती रहेगी। '
पूर्व बीजेपी सांसद ने पीएम मोदी की भी विपक्ष पर परिवारवाद और भ्रष्टाचार को लेकर निशाना साधने के लिए आलोचना की है। उन्होंने कहा, 'पहले एनडीए में रहे होने की वजह से, मैं ये दावा करता हूं कि जब भाई-भतीजावाद की बात आती है, तो भाजपा और उसके सहयोगी किसी से पीछे नहीं हैं। और भ्रष्टाचार पर उनका रुख तब उजागर हो गया जब पीएम की ओर से महाराष्ट्र में भ्रष्टाचार के आरोपियों के साथ गठबंधन किया गया।'
शत्रुघ्न सिन्हा पश्चिम बंगाल की आसनसोल लोकसभा सीट से टीएमसी के टिकट पर उपचुनाव जीतकर सांसद बने हैं। वह चार साल पहले बीजेपी छोड़कर कांग्रेस में चले गए थे और फिर टीएमसी ज्वाइन कर ली थी।












Click it and Unblock the Notifications