पाकिस्तान चुनाव पर बोले थरूर, अकेले सरकार नहीं बना पाएंगे इमरान, सेना के इशारे पर करेंगे काम
नई दिल्ली: क्रिकेटर से नेता बने पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ के मुखिया इमरान खान पाक के अगले प्रधानमंत्री बनने से कुछ ही कदम दूर खड़े हैं। इमरान खान की पार्टी पीटीआई सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरकर सामने आई है। इमरान खान की पार्टी ने पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ की पार्टी पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज को करारी शिकस्त दी है। वहीं, इस चुनाव को लेकर भारत में भी तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। जबकि कांग्रेस के दिग्गज नेता शशि थरूर ने भी पाकिस्तान चुनाव पर अपनी प्रतिक्रिया दी है।
ये भी पढ़ें: Pakistan Election results 2018: क्यों लोकतंत्र के लिए बैड न्यूज है इमरान खान का पीएम बनना!

पाक सेना बदलाव चाहती थी
शशि थरूर ने कहा, 'मुझे लगता है कि यह पूरी तरह से अनुमान के मुताबिक है। पिछले साल से हम यह सुन रहे हैं कि पाक सेना बदलाव चाहती है, वो नवाज शरीफ और उनकी पार्टी से छुटकारा पाना चाहते हैं और इमरान खान को एक विकल्प के रूप में देखते हैं। वहीं, इमरान की पार्टी सबसे बड़े दल के रूप में उभरकर सामने आई है लेकिन बहुमत के बिना वह निर्दलीय और छोटे पार्टियों के समर्थन पर निर्भर होंगे। इसके लिए उन्हें आर्मी के नियमों और उनकी बातें माननी होंगी। अगर वह ऐसा नहीं करेंगे तो उनसे समर्थन वापस ले लिया जाएगा।'

'पाक आर्मी के मुताबिक हैं परिणाम'
शशि थरूर ने कहा कि ऐसी परिस्थितियों में सब कुछ पाक आर्मी के हाथ में रहेगा। इस रिजल्ट से सब कुछ आर्मी के हाथ में ही रहेगा और ऐसे में ये परिणाम बिल्कुल सेना के पक्ष में ही जाते दिखाई दे रहे हैं। वहीं, पाकिस्तान में, इमरान खान के समर्थकों ने जश्न मनाना शुरू कर दिया है और इमरान खान भी इस परिणाम से काफी संतुष्ट दिखाई दे रहे हैं।

इमरान खान की पार्टी को सबसे अधिक सीटें
बता दें कि इमरान खान की पार्टी अब 114 सीटों पर आगे चल रही है तो वहीं पीएमएल-एन 64 पर है तो बिलावल भुट्टो की पार्टी पीपीपी 42 सीटों पर आगे है। इमरान की पार्टी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है जबकि नवाज शरीफ की पार्टी पीएमएलएन दूसरे नंबर पर है। वहीं आसिफ अली जरदारी की पार्टी तीसरे नंबर पर है।
ये भी पढ़ें: Pakistan Election Results: इमरान खान के पीएम बनने का भारत पर क्या असर पड़ेगा?












Click it and Unblock the Notifications