मोदी और आडवाणी को जन्मदिन की बधाई देने से मैं 'संघी' नहीं बना जाउंगा: शशि थरूर
नई दिल्ली, 11 नवंबर: भाजपा के वरिष्ठ नेता लाल कृष्ण आडवाणी के जन्मदिन पर उन्हें बधाई देने के कारण कांग्रेस सांसद शशि थरूर को सोशल मीडिया पर विरोध का सामना करना पड़ रहा है। बधाई देने पर सोशल मीडिया पर ट्रोल हुए शशि थरूर ने नाराजगी जाहिर करते हुए निशाना साधा है। भड़के शशि थरूर ने एक के बाद एक कई ट्वीट कर विरोध करने वालों को जवाब दिया। इसके साथ ही उन्होंने राजनीति को लेकर महात्मा गांधी के द्वारा कही गई बात की भी याद दिलाई।

Recommended Video
दरअसल लाल कृष्ण आडवाणी के जन्मदिन के अवसर पर एक सोशल मीडिया यूजर ने भाजपा नेता के साथ कांग्रेस सांसद शशि थरूर की तस्वीर पोस्ट कर जन्मदिन की बधाई दी थी। कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने उसी ट्वीट को शेयर करते हुए लिखा था कि एक अच्छे इंसान, राजनीति के सज्जन व्यक्ति और शिष्टाचार वाले नेता को हार्दिक शुभकामनाएं। जिसके बाद वे सोशल मीडिया पर ट्रोल होने लगे।
इसके बाद आज शशि थरूर ने कई ट्वीट कर विरोध करने वालों पर हमला बोला। उन्होंने ट्वीट कर लिखा कि, मेरे द्वारा लाल कृष्ण आडवाणी जी को जन्मदिन की बधाई दिए जाने का हो रहे विरोध से मैं स्तब्ध हूं। क्या हमारे राजनीति से सभ्यता पूरी तरह गायब हो गई है? गांधी जी ने हमें अपने राजनीतिक विरोधियों का भी सम्मान करना सिखाया। ऐसा लगता है कि ऐसा करके मैं संघियों के प्रति सहानुभूति रखने वाला बन गया हूं।

थरूर ने अपने अगले ट्वीट में लिखा कि, वास्तव में गांधीजी ने हमें पाप से लड़ना सिखाया लेकिन उन्होंने यह भी सिखाया कि पापी से भी प्रेम करो और उसको गले लगाओ। अहिंसा प्यार की एक सकारात्मक स्थिति है और यहां तक कि बुराई करने वाले के लिए भी अच्छा करने की। जबकि अच्छाई और बुराई गांधीवादी शब्द हैं जिनका मैं आसानी से उपयोग नहीं कर सकता लेकिन मैं दोनों तरफ के असहिष्णुता की निंदा करता हूं।
शशि थरूर ने आगे लिखा कि, तो हाँ, मैं लालकृष्ण आडवाणी और नरेंद्र मोदी को उनके जन्मदिन पर शुभकामनाएं देना जारी रखूंगा। मेरे 40 साल के लेखन से यह स्पष्ट है कि मैं किन चीजों में विश्वास रखता हूं। जिन्होंने मुझे नहीं पढ़ा है वे ही मुझे संघी कह सकते हैं। मेरे मूल्यों को उनके लिए नहीं छोड़ा जाएगा। यह पहली बार नहीं है जब थरूर को किसी मुद्दे को लेकर सोशल मीडिया पर ट्रोल किया गया है। इससे पहले भी वे कई बार लोगों के निशाने पर आ चुके हैं।












Click it and Unblock the Notifications