शाहीन बाग: चार माह के मासूम की ठंड से मौत, फिर भी विरोध प्रदर्शन में लौटी मां
नई दिल्ली। दिल्ली के शाहीन बाग में नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ 15 दिसंबर से धरना प्रदर्शन जारी है। धरने पर बैठी मुस्लिम महिलाओं की मांग है कि सरकार इस कानून को वापस ले। इस प्रदर्शन में चार महीने के मोहम्मद जहां को लेकर मां नाजिया रोज जाती थीं। वहां प्रदर्शनकारी मोहम्मद जहां को अपनी गोद में लेकर खिलाते थे और अक्सर गालों पर तिरंगा पेंट कर दिया करते थे, मोहम्मद हर किसी का चहेता बन गया था। लेकिन अब ये सिलसिला थम गया है, पिछले हफ्ते ठंड लगने के कारण इस मासूम की मौत हो गई, फिर भी मां नाजिया विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लेने पर अटल हैं।

चार महीने के मोहम्मद की ठंड लगने से मौत
नाजिया का कहना है कि ये मेरे बच्चों के भविष्य के लिए है। शाहीन बाग में खुले में प्रदर्शन के दौरान चार महीने के इस बच्चे को ठंड लग गई थी। इसके बाद उसे भयंकर जुकाम और सीने में जकड़न होने लगी और पिछले हफ्ते चार महीने के मासूम ने दम तोड़ दिया। नाजिया और पति आरिफ बाटला हाउस इलाके में प्लास्टिक और पुराने कपड़ों से बनी छोटी सी झुग्गी में रहते हैं। उनके दो बच्चे हैं- पांच साल की बेटी और एक साल का बेटा।

शाहीन बाग में नाजिया बच्चे को लेकर जाती थीं
नाजिया ने कहा कि उनके बच्चे की मौत 30 जनवरी की रात प्रदर्शन से लौटने के बाद नींद में ही हो गई थी। नाजिया ने बताया, 'मैं शाहीन बाग से देर रात एक बजे आई थी, उसे और अन्य बच्चों को सुलाने के बाद मैं भी सो गई। लेकिन सुबह उसे कोई हरकत ना करते देख मैं परेशान हो गई, सोते हुए ही उसकी मौत हो गई।' नाजिया ने बताया कि बच्चे को सर्दी लग गई और यही उसके लिए जानलेवा साबित हुई। दंपत्ति 31 जनवरी की सुबह उसे नजदीकी अस्पताल ले गए जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

प्रदर्शन में जाना बंद नहीं करेंगी नाजिया
नाजिया 18 दिसंबर से रोज शाहीन बाग में हो रहे प्रदर्शन में शामिल हो रही थीं। यूपी के बरेली के रहने वाले दंपत्ति मुश्किल से अपना गुजारा कर पाते हैं। आरिफ कढ़ाई का काम करते हैं और ई-रिक्शा भी चलाते हैं। बच्चे की मौत से गमगीन आरिफ कहते हैं, 'कढ़ाई के काम के साथ-साथ ई-रिक्शा चलाने के बाद भी पर्याप्त कमाई नहीं कर सका, मेरे बच्चे की मौत हो गई, हमने सब कुछ खो दिया।' नागरिकता संसोधन कानून पर नाजिया का कहना है कि उनका मानना है कि सीएए और एनआरसी सभी समुदायों के खिलाफ है और वह शाहीन बाग के प्रदर्शन में जाती रहेंगी।

शाहीन बाग में रैपिड एक्शन फोर्स की तैनाती
उधर एक युवक द्वारा प्रदर्शन स्थल के पास फायरिंग करने की घटना के बाद शाहीन बाग में सुरक्षा के मद्देनजर सोमवार शाम को रैपिड एक्शन फोर्स की तैनाती कर दी गई। इसके अलावा अब ऐसी किसी भी घटना से बचने के लिए पुलिस ने वहां मेटल डिटेक्टर भी लगा दिया है। दिल्ली पुलिस ने बताया कि आरएएफ की तैनाती एक नियमित सुरक्षा उपाय का एक हिस्सा है।












Click it and Unblock the Notifications