शाहरुख खान या इशांत? किसको देखकर गोल्डन बॉय नीरज चोपड़ा ने रखे हैं लंबे बाल?
नई दिल्ली, 10 अगस्त। टोक्यो ओलंपिक 2020 में भारत के लिए गोल्ड मेडल जीतने वाले भाला फेंक एथलीट नीरज चोपड़ा का नाम आज इंडिया के बच्चे-बच्चे की जुबान पर है। वो क्या खाते हैं, क्या पहनते हैं, क्या सोचते हैं और क्या उनकी पसंद है, उनके बारे में हर चीज जानने को दुनिया बेताब है और इसी वजह से इस वक्त सोशल मीडिया पर उनके कई पुराने वीडियो वायरल हो रहे हैं, जिन्हें लोग बहुत पंसद कर रहे हैं। ऐसा ही एक वीडियो इस वक्त लोगों के बीच चर्चा का केंद्र बना हुआ है, जिसमें नीरज चोपड़ा ने अपने लंबे बालों का राज खोला है।

काफी हाजिर जवाब भी हैं नीरज चोपड़ा
वीडियो देखकर आप अंदाजा लगा सकते हैं कि 23 साल के पानीपत का ये छोरा काफी हाजिर जवाब भी है। दरअसल वायरल वीडियो स्टार स्पोर्टस के किसी इवेंट का है, जिसे कि BJP युवा मोर्चा के राष्ट्रीय मंत्री तेजिंदर पाल सिंह बग्गा ने अपने Twitter अकाउंट पर शेयर किया है।

शाहरुख खान या इशांत शर्मा?
वायरल वीडियो के इंटरव्यू में नीरज चोपड़ा से पूछा जाता है कि आपके लंबे घने बालों का राज क्या है? शाहरुख खान या इशांत शर्मा, आप हेयरस्टाइल के मामले में किसको फॉलो करते हैं। इस पर नीरज चोपड़ा कहते हैं कि वे किसी की हेयर स्टाइल फॉलो नहीं करते बल्कि यह उनका खुद का स्टाइल है, जिसे सुनकर वहां मौजूद हर कोई जोर-जोर से हंस पड़ता है।

नीरज चोपड़ा ने रचा इतिहास
गौरतलब है कि टोक्यो ओलंपिक 2020 में नीरज चोपड़ा ने ट्रेक एंड फील्ड एथलेटिक्स में भारत के लिए स्वर्ण पदक जीतकर सफलता का नया इतिहास लिखा है। यू ट्यूब पर जान जेलेजनी का वीडियो देखकर भाला फेंकने की बेसिक तकनीक सीखने वाले नीरज ओलंपिक से पहले कॉमनवेल्थ गेम्स और अन्य कई बड़ी एशियन प्रतियोगिताएं जीत चुके हैं। अब उनका अगला ध्यान वर्ल्ड चैंपियनशिप पर है।

'ना तो मैं ठीक से खा पाया हूं और ना ही सो पाया हूं'
सोमवार को वतन वापसी पर नीरज चोपड़ा का शानदार स्वागत किया गया। ओलंपिक में देश के लिए मेडल लेकर लौटे सभी खिलाड़ियों के लिए कल सरकार की ओर से सम्मान समारोह रखा गया था, जहां भी नीरज ही छाए रहे। उन्होंने मेडल दिखाकर सबका धन्यवाद दिया और कहा कि जिस दिन से मैंने इसे जीता है, इसे अपनी जेब में लेकर घूम रहा हूं। ना तो मैं ठीक से खा पाया हूं और ना ही सो पाया हूं। ये मेडल मेरा नहीं है बल्कि पूरे देश का मेडल है।
जीत का केवल एक ही मंत्र है ...
उन्होंने कहा की जीत का केवल एक ही मंत्र है और वो है अपना सौ प्रतिशत देना और सामने वाले प्रतिद्वंदी से कभी नहीं डरना। उसका मुकाबला करने के लिए खुद पर भरोसा काफी जरूरी है और जिस दिन आप ये कर लेते हैं, आप विजयी हो जाते हैं।












Click it and Unblock the Notifications