जब अदार पूनावाला बोले- सारी दुनिया के पारसियों के लिए एक दिन में बना देंगे कोरोना वैक्सीन
नई दिल्ली। सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया के सीईओ अदार पूनावाला ने कहा है कि वो एक दिन में कोरोना वैक्सीन की इतनी खुराक बना देंगे कि पूरी दुनिया के पारसी इस महामारी से सुरक्षित हो जाएं। अदार ने एक ट्वीट का जवाब देते हुए मजाकिया लहजे में ये बात कही है। सीरम इंस्टीट्यूट कोरोना वैक्सीन बनाने की दौड़ में है और जल्दी ही वैक्सीन तैयार हो जाने का दावा भी कर रहा है। ऐसे में अदार से पारसी समुदाय के लिए वैक्सीन को लेकर सवाल हुआ तो उन्होंने ये कहा।

रोनी स्क्रूवाला ने किया था सवाल
स्वदेश फाउंडेशन के संस्थापक रोनी स्क्रूवाला ने एक मजाक में ट्विटर पर सवाल किया कि आप पारसी समुदाय के लिए कोरोना वैक्सीन में कोटा रख रहे हैं कि नहीं। इस पर अदार पूनावाला ने जवाब देते हुए लिखा- हां बिल्कुल, हम अपनी कम्युनटी के लिए जितना काफी रहेगा, उससे ज्यादा रखेंगे। हमारा प्रोडक्शन भी इतना है कि एक दिन में ही इतनी वैक्सीन बना देंगे कि पूरे प्लेनेट में रहने वाले पारसी समुदाय के लोग सुरक्षित हो जाएंगे। स्क्रूवाला और पूनावाला दोनों पारसी हैं।

सीरम इंस्टीट्यूट बना रहा है कोरोना वैक्सीन
सीरम इंस्टीट्यूट कोरोना वैक्सीन बना रहा है। ये इंस्टीट्यूट दुनिया में सबसे बड़ी वैक्सीन मैन्युफैक्चरर है। सीरम इंस्टीट्यूट ने ब्रिटिश कंपनी एस्ट्राजेनेका के साथ साझेदारी की है। ये कोविड-19 वैक्सीन का उत्पादन करेगी। एस्ट्राजेनेका की वैक्सीन ह्यूमन ट्रायल्स के तीसरे चरण में है। सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया को उम्मीद है कि अगले साल तक कोविड-19 की वैक्सीन बन जाएगी

अगले साल लोगों तक पहुंचेगी वैक्सीन
सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया के सीईओ अदार पूनावाला ने हाल ही में एक इंटरव्यू में कहा है कि वह एस्ट्राजेनेका के साथ अब तक परीक्षणों में जो सफलता मिली है उसके आधार पर हम इसे इस साल के अंत तक लॉन्च करने की उम्मीद कर रहे हैं। अगले साल की पहली तिमाही तक यह लोगों तक पहुंचना शुरू हो जाएगा। पूनावाला ने कहा है कि जैसे ही हमें आवश्यक रेगुलेटरी अप्रूवल्स मिलेंगे हम बड़ी मात्रा में निर्माण शुरू कर देंगे. हम हर महीने करीब 6 से 7 करोड़ खुराक का निर्माण करेंगे। इसके साथ ही इस साल के अंत तक करीब 30 से 40 करोड़ डोज बनाने का लक्ष्य लेकर चल रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications