सेंसेक्स 470 अंक लुढ़का, निफ्टी 10000 के नीचे फिसला
मुंबई। अमेरिका-चीन के बीच छिड़े ट्रेड वॉर का असर देश के शेयर बाजार पर हुआ है। शुक्रवार के मुंबई स्टॉ़क एक्सचेंज में भारी गिरावट देखने को मिली। सेंसेक्स 355 प्वाइंट्स टूटकर 32,650.89 के स्तर पर खुला। सेसेक्स की यह गिरावट जारी रही। एक समय सेंसेक्स 470 अंकों तक गिर गया। वहीं निफ्टी 146 प्वाइंट्स की गिरावट के साथ 9968.80 के स्तर पर खुला। शुरुआती कारोबार में सभी सेक्टोरल इंडेक्स लाल निशान में कारोबार कर रहे हैं।
आपको बता दें कि अमेरिका ने इंटलेक्चुअल प्रॉपर्टी की चोरी रोकने के लिए ड्यूटी लगाई है। अमेरिका ने 60 अरब डॉलर के चीनी इंपोर्ट पर ड्यूटी लगाई है। वहीं चीन ने पलटवार करते हुए 128 अमेरिकी उत्पादों की सूची जारी की है। चीन की ओर से वाइन, फल, स्टील पर ड्यूटी लगाई जा सकती है।
इस घोषणा के बाद गुरुवार को अमेरिकी बाजार भारी गिरावट के साथ बंद हुए। डाओ जोंस 724 अंक की कमजोरी के साथ 23,958 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं नैस्डैक 179 अंक टूटकर 7,167 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं शुक्रवार को एशियाई बाजार गिरावट के साथ कारोबार कर रहे हैं। सिंगापुर का एसजीएक्स निफ्टी इंडेक्स 122.50 प्वाइंट्स गिरकर 9995 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। जापान का बाजार निक्केई 764 अंक की गिरावट के साथ 20,828 के स्तर पर कारोबार कर रहा है।
सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को डॉलर के मुकाबले रुपए की कमजोर शुरुआत हुई। डॉलर के मुकाबले रुपया 8 पैसे टूटकर 65.18 के स्तर पर खुला। इससे पहले गुरूवार को डॉलर के मुकाबले रुपया 11 पैसे बढ़कर 65.10 के स्तर पर बंद हुआ था।