सीलमपुर-जाफराबाद हिंसा मामले में 8 गिरफ्तार, 2 FIR दर्ज
नई दिल्ली। नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ जिस तरह से दिल्ली के सीलमपुर और जाफराबाद में हिंसक प्रदर्शन हुआ था, उसके बाद दिल्ली पुलिस ने इसमे शामिल लोगों पर बड़ी कार्रवाई की है। दिल्ली पुलिस ने इस हिंसक प्रदर्शन में शामिल 8 लोगों को गिरफ्तार किया है। दिल्ली पुलिस के ज्वाइंट सीपी आलोक कुमार ने बताया कि हमने सीलमपुर और जाफराबाद हिंसक प्रदर्शन मामले में दो एफआईआर दर्ज की है और 8 लोगों को इस मामले में गिरफ्तार किया है। हम तमाम अन्य लोगों की पहचान वीडियो फुटेज के आधार पर करने की कोशिश कर रहे हैं। जो भी इस मामले में दोषी पाया जाएगा उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Recommended Video
दिल्ली में हुए प्रदर्शन के दौरान दिल्ली पुलिस ने ड्रोन कैमरे का भी इस्तेमाल किया था ताकि वह उपद्रवियों पर पैनी नजर रख सके। अब इस ड्रोन की वीडियो फुटेज की जांच की जा रही है ताकि हिंसा में शामिल लोगों की पहचान की जा सके और उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए। अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली पुलिस ने पूर्वोत्तर दिल्ली के कई इलाकों में धारा 144 को लागू कर दिया है। साथ ही कहा गया है कि जाफराबाद और सीलमपुर में हुए प्रदर्शन के बाद आज दिल्ली में शांतिपूर्ण माहौल है। रोड नंबर 13 जोकि जामिया मिलिया इस्लामिया यूनिवर्सिटी के करीब है वहां पर कुछ प्रदर्शन हुआ है, लेकिन अन्य जगहों पर माहौल शांतिपूर्ण है।
वहीं रविवार को जामिया नगर में नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ विरोध प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसा मामले की सुनवाई करते हुए दिल्ली हाई कोर्ट ने एक आरोपी की जमानत याचिका को खारिज कर दिया है। कोर्ट ने आरोपी मोहम्मद हनीफ की जमानत याचिका को खारिज कर दिया। कोर्ट ने हनीफ की जमानत याचिका को यह कहते हुए खारिज कर दिया है कि इस संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता है कि अगर आरोपी को रिहा किया जाता है तो वह फिर से इस तरह के व्यवहार में शामिल नहीं होगा। जोकि माहौल को शांतिपूर्ण बनाए रखने और लोगों के सद्भाव को कायम रखने की कोशिश में बाधा होगा।












Click it and Unblock the Notifications