Haryana Assembly elections 2019: सपना चौधरी से भाजपा काफी नाराज, जानिए क्या है पूरा मामला
सिरसा। लोकप्रिय हरियाणवी सिंगर सपना चौधरी से भाजपा काफी नाराज हो गई है और इसी वजह से उसने सपना के खिलाफ एक्शन लिया है, दरअसल कुछ दिनों पहले ही भाजपा में शामिल हुईं हरियाणवी लोक गायिका सपना चौधरी ने विधानसभा चुनाव के लिए एक प्रतिद्वंद्वी पार्टी के प्रत्याशी गोपाल कांडा का प्रचार किया था। बताया जा रहा है कि सपना के इस कदम से बीजेपी के हाईकमान काफी नाराज हो गए हैं और इसी वजह से पार्टी ने उनके किसी भी तरह के चुनाव प्रचार करने पर रोक लगा दी है।
Recommended Video

सपना चौधरी से भाजपा काफी नाराज
आपको बता दें कि सपना ने सिरसा से हरियाणा लोकहित पार्टी के प्रत्याशी कांडा के लिए प्रचार किया था। कांडा हरियाणा सरकार में मंत्री रह चुके हैं और राज्य की राजनीति में एक प्रभावशाली नेता माने जाते हैं। कांडा का नाम उस समय चर्चा में रहा था, जब उनकी विमानन कंपनी की एक महिला कर्मचारी ने खुदकुशी कर ली थी।

गोपाल कांडा की पार्टी है हरियाणा लोकहित पार्टी
मालूम हो कि हरियाणा में सभी 90 सीटों पर एक चरण में 21 अक्टूबर को चुनाव है। हरियाणा में विधानसभा चुनाव में गोपाल कांडा की पार्टी हरियाणा लोकहित पार्टी दो सीटों पर चुनाव लड़ रही है। गोपाल कांडा सिरसा विधानसभा और उनके भाई रोविंद कांडा रानिया विधानसभा सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। गोपाल कांडा 2014 में सिरसा सीट से निर्दलीय विधायक बने थे। इस साल उन्होंने हरियाणा लोकहित पार्टी बनाई थी।

कुछ दिन पहले ही भाजपा में शामिल हुई हैं सपना
लोकसभा चुनाव से पहले सपना चौधरी के राजनीति में आने की चर्चा शुरू हुई थी। जिसके बाद उन्होंने भाजपा की सदस्यता ली थी। उनके हरियाणा में भाजपा की किसी सीट से उम्ममीदवार बनाए जाने की भी चर्चा थी लेकिन उन्हें टिकट नहीं मिला। सपना चौधरी हरियाणा की ही रहने वाली हैं। वो स्टेज डांसर के तौर पर काफी मशहूर हैं। वहीं टीवी और फिल्मों में भी उन्होंने काम किया है। कुछ फिल्मों में वो काम कर चुकी हैं। टीवी शो बिग-बॉस में भी वो शामिल हुई थीं।












Click it and Unblock the Notifications