अजित पवार इतने बड़े नेता नहीं कि वो शरद पवार को ऑफर दें: संजय राउत
जिस तरह से अजित पवार ने शरदा पवार से हाल ही में मुलाकात की थी उसके बाद सियासी चर्चा काफी तेज हो गई थी। दोनों के बीच मुलाकात के बाद अलग-अलग तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं। दावा किया जा रहा है कि अजित पवार शरद पवार के पास दो अहम ऑफर लेकर आए थे।
पहला यह कि शरद पवार को केंद्रीय मंत्री बनाया जाएगा, उन्हें कृषि मंत्री का पद दिया जाएगा या फिर उन्हें नीति आयोग का चेयरमैन बनाया जाएगा। दूसरा यह कि सुप्रिया सुले को केंद्र में भेजा जाएगा और जयंत पाटिल को राज्य में वापस भेजा जाएगा।

अजित पवार और शरद पवार के बीच मुलाकात के दौरान कथित ऑफर को लेकर संजय राउत का कहना है कि अजित पवार इतने बड़े नेता नहीं हैं कि शरद पवार को यह प्रस्ताव दे सकें। पवार साहब ने अजित पवार को बनाया है। अजित पवार ने शरद पवार को नहीं बनाया है। शरद पवार का कद बहुत ऊंचा है।
वहीं शरद पवार ने इन अटकलों पर कहा कि यह सीक्रेट मुलाकात नहीं थी, मैं परिवार का सबसे वरिष्ठ सदस्य हूं लिहाजा वह मुझसे मिल सकते हैं। वहीं महाराष्ट्र कांग्रेस के चीफ नाना पटोले ने कहा कि हम इस तरह की गोपनीय बैठक को स्वीकार नहीं करते हैं।
वहीं शरद पवार की बेटी सुप्रिया सुले कहा कि इसमे कोई भी सच्चाई नहीं है कि शरद पवार भाजपा सरकार का समर्थन कर सकते हैं। शरद पवार महाविकास अघाड़ी का हिस्सा रहेंगे। शरद पवार के भतीजे रोहित पवार ने भी इस बैठक में कुछ भी राजनीतिक नहीं है, यह परिवार के सदस्यों के बीच की मुलाकात थी। हम मिल सकते हैं क्योंकि हमारे बीच कोई झगड़ा नहीं है।
अजीत पवार ने शरद पवार से मुलाकात के बाद कहा कि इस बैठक का राजनीति से कोई लेना देना नहीं है। पुणे में हुई मुलाकात को बहुत गंभीरता से लेने की जरूरत नहीं है। पवार साहब ने पहले ही कह दिया है वह परिवार में पिता समान हैं।
मैं उनका भतीजा हूं, परिवार की मुलाकात को अलग तरह से लिया जा रहा है। हमारी मुलाकात उद्योगपति अतुल चोर्दिया के घर पर हुई थी। उन्होंने हम दोनों को लंच पर बुलाया था। अतुल के पिता शरद पवार के क्लासमेट थे। लिहाजा इस बैठक को लेकर अलग निष्कर्ष नहीं निकालना चाहिए।












Click it and Unblock the Notifications