गठबंधन में रहने को लेकर भाजपा से अल्टीमेटम पर शिवसेना का बड़ा बयान
मुंबई। एनडीए में रहने को लेकर भाजपा की ओर से किसी तरह का अल्टीमेटम मिलने की बात को शिवसेना ने नकार दिया है। शिवसेना सांसद संजय राउत ने कहा है कि इस देश की राजनीति में शिवसेना को अल्टीमेटम देने वाला अब तक कोई नहीं हुआ है, हमें कोई अल्टीमेटम नहीं दे सकता। शिवसेना की डिक्शनरी में ऐसा कोई शब्द ही नहीं है। आगामी लोकसभा चुनाव से पहले शिवसेना को गठबंधन पर फैसला करने संबंधी अल्टीमेटम की खबर पर राउत का ये बयान आया है।

गठबंधन के मुद्दे पर राउत ने कहा कि एक साल पहले ही हमारी पार्टी कार्यकारिणी की बैठक में प्रस्ताव पास कर चुकी है। पार्टी पहले से ही 'एकला चलो रे' के सिद्धांत पर है और हम अकेले ही जाएंगे। हम भाग जाने वालों में से नहीं हैं। इस मामले पर शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे के पास फैसला लेने का पूरा अधिकार है।
ऐसी रिपोर्ट मीडिया में आई हैं कि भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने हाल ही में महाराष्ट्र से आने वाले अपने सभी सांसदों से मुलाकात कर अकेले लोकसभा चनाव में जाने के लिए तैयार रहने को कहा है। शाह ने पार्टी सांसदों से कहा कि हमें ऐसे गठबंधन में क्यों जाना चाहिए, जिसके बदले में हमें नुकसान हो। इसके बाद माना जा रहा है कि लोकसभा चुनाव दोनों पार्टियां अलग अलग लड़ेंगी।
भाजपा और शिवसेना बहुत पुराने सहयोगी हैं लेकिन बीते काफी समय से दोनों में रिश्ते ठीक नहीं चल रहे हैं। सहयोगी होने के बावजूद शिवसेना लगातार सरकार पर हमलावर है। वो सरकार पर विपक्षी पार्टियों से भी ज्यादा तीखे हमले कर रही है। ज्यादातर मामलों पर शिवसेना विपक्ष के साथ ही खड़ी नजर आ रही है। राफेल डील मामले पर शिवसेना सरकार से जांच की मांग भी कर चुकी है।












Click it and Unblock the Notifications